Lucknow Nagar nigam: इंदौर की तर्ज पर संवरेगा लखनऊ, नगर आयुक्त ने बनाया ये प्लान, ऐसे चमकेगी राजधानी

Lucknow Municipal Corporation: लखनऊ को इंदौर की तर्ज पर संवारा जाएगा। अब नगर निगम में कूड़ा प्रबंधन के साथ जरूरी संसाधन बढ़ाए जाएंगे। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की तर्ज पर लखनऊ को भी चमकाने की कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया गया है।

Lucknow Municipal Corporation
इंदौर की तर्ज पर निगम लखनऊ को संवारेगा  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • इंदौर की तर्ज पर चमकेगी राजधानी लखनऊ
  • नगर आयुक्त ने पेश किया इंदौर मॉडल
  • कूड़ा प्रबंधन के साथ बढ़ाए जाएंगे जरूरी संसाधन

Lucknow Nagar nigam: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी मध्य प्रदेश के इंदौर जिले की तर्ज पर साफ-सफाई होगी। लखनऊ में अब नगर निगम में कूड़ा प्रबंधन के साथ जरूरी संसाधन बढ़ाए जाएंगे। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने इंदौर की प्रेजेंटेशन दिखाई। इस दौरान नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने अफसरों को शहर में सफाई और स्वच्छता बढ़ाने के निर्देश दिए। आपको बता दें कि राजधानी की सफाई व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन पटरी से उतरा हुआ है। अब तक नगर निगम में तैनाती पाने वाले अधिकारियों ने कूड़ा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को अपनी कमाई का जरिया बनाया हुआ था। 

इसी के चलते शिवरी प्लांट में कचरे का पहाड़ खड़ा हो गया है। राजधानी में हर जगह घरों से कूड़ा भी नहीं उठाया जा रहा है। झाड़ू लगाने वाली निजी कार्यदायी सस्थाओं के पास कर्मचारी ही नहीं हैं। जिस संस्था को अकेले चार हजार सफाई कर्मी का भुगतान किया जा रहा है, उसके पास डेढ़ हजार कर्मचारी भी मौजूद नहीं हैं। 

स्मार्ट सिटी कार्यालय में नगर आयुक्त ने खुद पेश किया इंदौर मॉडल 

नए नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने साफ सफाई और कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था ठीक करने के लिए देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की तर्ज पर लखनऊ को भी चमकाने की कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया गया है। स्मार्ट सिटी कार्यालय में उन्होंने खुद इंदौर मॉडल पेश किया। नगर आयुक्त ने निगम की खराब गाड़ियां तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। खराब गाड़ियों को कचरा उठाने में उपयोग किया जाएगा। इसके बाद आगे नई गाड़ियां और अन्य उपकरणों की खरीद की जाएगी। 

यह है सफाई के लिए प्लान

शहर के कई इलाके में सफाई कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने की वजह से समस्या आ रही है। नगर आयुक्त के अनुसार, सफाई व्यवस्था उनकी प्राथमिकता में है। ऐसे सभी इलाकों का असेसमेंट करने के बाद नियमों के हिसाब से तैनाती होगी। सावन के महीने को देखते हुए बुद्धेश्वर मंदिर में 20 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगे हैं। जहां भी अतिरिक्त जरूरत होगी वहां तैनाती की जाएगी।

पांच साल से इंदौर अव्वल

आपको बता दें कि भारत में इंदौर साफ-सफाई और कूड़ा प्रबंधन में बीते पांच वर्ष से अव्वल है। 2017 से 2021 तक वह नंबर एक पर है, जबकि लखनऊ नगर निगम पिछले साल 12 नंबर पर था। नगर आयुक्त डॉ. इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि शहर में सफाई के लिए काम किया जा रहा है। अफसरों को भी निर्देश दिए हैं। इंदौर की तर्ज पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए टीम बना रहे है।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर