Lucknow Water Supply: लखनऊ में अब हर परिवार को ऐसे मिलेगी पानी की समस्या से निजात, निगम का प्लान तैयार

Lucknow Water Supply: राजधानी में अब पानी की किल्लत दूर हो जाएगी। लोगों को पानी की समुचित आपूर्ति करने के लिए विभाग ने खाका तैयार कर लिया है।

Lucknow Water Supply
लखनऊ में हर घर के नल में होगा पानी, नगर निगम ने तैयार की योजना  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • बनाए जाएंगे चार नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट
  • नलकूपों की संख्या में भी की जाएगी वृद्धि
  • पेयजल योजना पर खर्च होंगे 5 हजार करोड़ रुपए

Lucknow Water Supply: लखनऊ में हर घर पानी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने योजना का प्रारूप तैयार कर लिया है। इसके तहत नगर निगम के विस्तारित 88 गांवों में पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, चार नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे। इसके अलावा नलकूपों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इस योजना पर करीब 5 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं। 

नगर निगम के मुताबिक, हर घर तक पानी पहुंचाने का काम 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें जल निगम भी सहयोग करेगा। दरअसल, शनिवार को अपर नगर आयुक्त अभय पांडे की अध्यक्षता में परियोजना पर विचार-विमर्श किया गया। 

हर व्यक्ति को हर दिन 135 लीटर पानी देने का लक्ष्य
जलकल विभाग के महाप्रबंधक एसके वर्मा ने बताया कि, नगर निगम और जलकल विभाग का प्रयास है कि, हर दिन हर व्यक्ति को 135 लीटर पानी उपलब्ध कराया जाए। हालांकि इतना पानी उपलब्ध कराना मुश्किल लग रहा है। फिलहाल शहर में ऐशबाग, बालागंज और कठौता झील में ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट कार्यरत है। इनमें से ऐशबाग और बालागंज में गोमती नदी से 450 मिलियन लीटर पानी शोधित कर आपूर्ति की जाती है। वहीं, कठौता में शारदा नहर से आने वाले पानी को ट्रीटमेंट कर गोमती नगर, चिनहट और इंदिरा नगर में आपूर्ति की जा रही है। इसे जोड़कर सात ट्रीटमेंट प्लांट होंगे। 


पहले सरोजनी नगर एवं इब्राहिमपुर में पहुंचाया जाएगा पानी
नगर निगम के अधिकारी के मुताबिक, योजना के पहले चरण में सरोजनी नगर में पानी पहुंचाया जाएगा। फिर इब्राहिमपुर वार्ड में हर घर में पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। योजना का काम शुरू कराने के लिए इस महीने टेंडर निकाल दिया जाएगा। इन दोनों वार्डों को मिलाकर 13,648 घरों में नल का कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए 295.54 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। जल निगम की परियोजना प्रबंधक जीसी श्रीवास्तव ने बताया कि, पेयजल की कुल योजना पर 5 हजार करोड़ खर्च होना है। इसके लिए लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। जल्द काम शुरू करने का लक्ष्य है। 

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर