Marriage Scams Lucknow: फेरों में दुल्हन बोली मैं नहीं करती इतने काले दूल्हे से शादी, मचा हड़कंप

Marriage Scams Lucknow: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक दुल्हन ने दूल्हे को देखकर बारात बैरंग लौटा दी। दुल्हन और उसके परिजनों का आरोप था कि उन्हें फोटो किसी दूसरे युवक की दिखाई गई थी और शादी में कोई दूसरा ही शख्स दूल्हा बनकर आ गया है। इतना ही नहीं दुल्हन ने साफ कहा कि दूल्हा उससे उम्र में दोगुना बड़ा है और बेहद काला है। इसलिए वह उससे शादी नहीं कर सकती। बेटी के फैसले में परिजनों ने भी उसका साथ दिया और बारात को बैरंग लौटा दिया।

Marriage Scams Lucknow
दुल्हन बोली—नहीं करूंगी काले दूल्हे से शादी  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • उत्तर प्रदेश के इटावा के गांव नगला बाग का मामला
  • दुल्हन का आरोप, वर पक्ष ने धोखा दिया और बदल दिया दूल्हा
  • घंटों चली पंचायत और रिश्तेदारों के दबाव में भी नहीं आए परिजन

Marriage Scams Lucknow: दूल्हे के इंतजार में दुल्हन सजधज कर तैयार थी। नई जिंदगी शुरू करने के सपने आंखों में थे। आंगन में मंगल गीत हो रहे थे। रिश्तेदार खुश थे, चारों ओर खुशियों का माहौल था। बारात आई तो दुल्हन दौड़कर दूल्हे को देखने पहुंची, लेकिन दूल्हे का चेहरा देखते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। दुल्हन वहीं रुक गई और साफ कह दिया कि इतने काले लड़के से मैं शादी नहीं करूंगी। लाख समझाने के बावजूद भी दुल्हन नहीं मानी और आखिरकार बारात को बैरंग लौटना पड़ा। मामला उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के नगला बाग गांव का है।

ये मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। दुल्हन का कहना था कि दूल्हा न सिर्फ बेहद काला था, बल्कि उम्र में भी उससे दोगुना बड़ा था। दुल्हन ने आरोप लगाया कि शादी तय करने के दौरान दूसरे युवक की फोटो दिखाई गई थी। लेकिन मंडप में कोई दूसरा ही युवक आ पहुंचा। जो बहुत बड़ा छल है। इसलिए उसने शादी से इनकार ​कर दिया। वहीं वर पक्ष ने भरथना कोतवाली में शिकायत की कि वधु पक्ष के लोग उनके जेवर नहीं लौटा रहे हैं। हालांकि बाद में पुलिस की समझाइश पर वधु पक्ष ने सभी सामान लौटा दिया।

दूल्हे का चेहरा देख उड़ गए होश

जानकारी के अनुसार युवती की शादी थाना ऊसराहार के अंतर्गत जाफरपुरा निवासी एक युवक से तय हुई थी। युवती के घरवाले जब युवक के घर पहुंचे तो वह वहां मौजूद नहीं था। इसलिए उन्हें उसकी तस्वीर दिखाई गई थी। कहा गया कि युवक बाहर नौकरी करता है, इसलिए लड़की देखने नहीं आ सकता। शादी के समय ही लड़का देख लेना। परिवार अच्छा लगने पर युवती के परिजन मान गए। दोनों परिवारों ने आपस में बात कर रिश्ता पक्का कर दिया। 6 जुलाई को बारात बैंड बाजे के साथ दुल्हन को लेने पहुंची। जैसे ही दुल्हन ने दूल्हे को देखा उसके होश उड़ गए। दूल्हा उससे उम्र में दोगुनी उम्र का था। इतना ही नहीं उसका रंग काला था। जिसपर दुल्हन ने तुरंत शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन की मां ने भी इस फैसले में बेटी का साथ दिया। दुल्हन और उसके परिजनों का आरोप था कि उन्हें फोटो दूसरे युवक की दिखाई गई थी और दूल्हा कोई दूसरा ही आया है। 

घंटों चली पंचायत, पर अपने फैसले पर अड़ी रही युवती 

मामला बढ़ा तो रिश्तेदारों ने दुल्हन के परिजनों पर शादी के लिए काफी दबाव बनाया। जब युवती नहीं मानी तो पंचायत बुलाई गई। घंटों तक पंच पटेल युवती और उसके परिजनों को समझाते रहे, लेकिन वे नहीं माने। परिजनों ने बेटी का साथ दिया और बारात को बैरंग लौटा दिया गया। दुल्हन के परिजनों का कहना है कि बड़े अरमानों से बेटी की शादी के लिए तैयारियां की थीं, लेकिन सब धरा रह गया। लेकिन रुपयों के फेर में वे बेटी का जीवन खराब नहीं कर सकते।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर