Lucknow Unfit E-Rickshaw: लखनऊ में ई-रिक्शा के रूट होंगे तय, अनफिट ई-रिक्शा होंगे जब्त, 20 मई से चलेगा अभियान

Lucknow Unfit E-Rickshaw: लखनऊ में जाम की समस्या से निजात पाने के लिए 11 मार्गों पर ई-रिक्शा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। लेकिन प्रतिबंधित मार्गों पर ई-रिक्शा पहले की ही तरह धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। जिससे जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है।

Lucknow e rickshaws banned
जब्त किए जाएंगे अनफिट ई-रिक्शा (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • लखनऊ में अनफिट ई-रिक्शा के खिलाफ 20 मई से चलेगा अभियान
  • जब्त किए जाएंगे अनफिट ई-रिक्शा
  • राजधानी में धड़ल्ले से ई-रिक्शा दौड़ा रहे नाबालिग

Lucknow Unfit E-Rickshaw: यूपी की राजधानी में जाम की समस्या से जूझना आम हो गया है। जाम के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी में ई-रिक्शा, ऑटो झुंड में खड़े होने से जाम की समस्या ज्यादा रहती है। हालांकि राजधानी लखनऊ में यातायात को सुगम बनाने के लिए शहर के 11 मार्गों पर ई-रिक्शा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। लेकिन इसके बावजूद हजरतगंज, बाराबिरवा, विधानभवन, पॉलीटेक्निक समेत सभी प्रतिबंधित चौराहों पर ई-रिक्शा पहले की ही तरह झुंड में खड़े होते हैं। सवारी के लिए झगड़ते हैं। वहीं, डीसीपी ट्रैफिक व अन्य पुलिसकर्मी ई रिक्शा चालकों को जागरूक करने के लिए प्रतिबंधित मार्गों के पंफलेट बांट रहे हैं।

प्रतिबंधित मार्गों पर चलने वाले ई-रिक्शा संचालक का कहना था कि हजरतगंज के आसपास के इलाकों के लिए ऑटो चालक सवारी नहीं बैठते। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ई-रिक्शा चालक ही उन्हें थोड़ी दूर के सफर के लिए ई रिक्शा में बैठाते भी हैं। 

राजधानी में फर्राटा भर रहे अनफिट ई-रिक्शा

वहीं, राजधानी में फर्राटा भर रहे अनफिट ई-रिक्शा जब्त किए जाएंगे। इसे लेकर 20 मई से अभियान चलाने की तैयारियां की जा रही हैं। पहले चरण में मुंशी पुलिया से अमौसी तक मेट्रो रूट पर चल रहे अनफिट ई-रिक्शा जब्त किए जाएंगे। अनुमान जताया जा रहा है कि तकरीबन दस हजार अनफिट ई-रिक्शा बिना प्रमाणपत्र दौड़ रहे हैं। ई-रिक्शा को सड़क से हटाने के लिए डीएम को आरटीओ की ओर से ब्यौरा सौंपा गया है। 

अनफिट ई-रिक्शा के खिलाफ 20 मई से चलेगा अभियान

आरटीओ प्रवर्तन संदीप कुमार ने बताया कि शहर के मुख्य मार्गों पर दौड़ रहे एक तिहाई ई-रिक्शा अनफिट हैं। इनके खिलाफ 20 मई से अभियान चलाने की तैयारी है। पकड़े जाने वाले ई-रिक्शा को जमा करने के लिए खाली जमीन नगर निगम से मांगी गई है। आपको बत दें कि राजधानी लखनऊ में नाबालिग ई-रिक्शा धड़ल्ले से दौड़ा रहे हैं। सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास तेजी से ई-रिक्शा जा रहा था। चालक को सवारी मिली तो बिना देखे रिक्शा को बैक कर दिया। इस दौरान पीछे से आ रही कार टकराते हुए बची। चालक की उम्र 18 साल से कम थी।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर