UP Crime: युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया, ग्रामीण बोले- पुलिस को नहीं देंगे डेड बॉडी, जमकर किया हंगामा

Ambedkarnagar Crime: अंबेडकरनगर में युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। युवक के हाथ और पैर बंधे थे। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

Ambedkarnagar Murder
युवक का पेड़ से लटका मिला शव, मौके पर जमा लोग  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • अंबेडकरनगर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
  • परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जमकर किया हंगामा
  • पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Ambedkarnagar Murder: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के हाथ और पैर बंधे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने की खबर मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने पुलिस को शव ले जाने से रोक दिया। हंगामे की सूचना पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने गुस्साए लोगों को समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। 

घटना आलापुर थाना इलाके के नसीरपुर गांव की है। मंगलवार सुबह नसीरपुर स्थित बाग में पेड़ से गांव के रहने वाले अरुण (40) का शव लटका मिला। सूचना मिलते ही रोते बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंचे। 

नाराज ग्रामीणों ने शव ले जाने से रोका, जमकर किया हंगामा

अरुण के पैर मुड़े थे, और हाथों के साथ रस्सी से बंधे थे। प्रथम दृष्टया ही घटना हत्या लग रही थी। सूचना मिलते ही बड़ी तादाद में ग्रामीण जमा हो गए। सूचना पर एसओ श्रीनिवास पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पेड़ से उतरवाने की कार्रवाई की, इस दौरान नाराज ग्रामीणों ने शव ले जाने से रोक दिया। ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद सीओ आरबी सिंह भी जहांगीरगंज एसओ के साथ मौके पर पहुंचे, उन्होंने ग्रामीणों को समझाया लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और एसपी अजीत कुमार सिन्हा गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया बुझाया। दोनों अधिकारियों ने मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। 

हाल ही में अरुण पर दर्ज हुआ था छेड़छाड़ का केस

अरुण के परिजनों ने किशोरी के परिवार वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। साथ ही आरोप लगाया कि, गला दबाकर हत्या की गई है। इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव पेड़ से लटकाया गया। एसओ ने बताया कि, तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि अरुण पर गांव की ही एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ का मुकदमा बीते दिनों दर्ज हुआ था। अरुण के परिजनों ने इसी किशोरी के परिवारवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने फिलहाल दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
 

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर