UP Paper Leak Update: यूपी प्रश्न पत्र लीक मामले में दो पत्रकार समेत अब तक 26 लोग गिरफ्तार

लखनऊ समाचार
भाषा
Updated Mar 31, 2022 | 21:15 IST

UP Paper Leak Update: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित बोर्ड की 12वीं क्लास की अंग्रेजी परीक्षा के पेपर लीक मामले में 9 और गिरफ्तारियां हुई हैं। इसमें दो पत्रकार भी शामिल हैं।

UP Paper Leak Update: 26 people including two journalists arrested so far in UP question paper leak case
यूपी 12वीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक मामला  |  तस्वीर साभार: BCCL

UP Paper Leak Update: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित बोर्ड की 12वीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को दो स्थानीय पत्रकारों समेत नौ और लोगों को गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि बुधवार को पुलिस ने इस मामले में 17 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस प्रकार अबतक इस मामले में 26 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

प्रश्न पत्र लीक होने के बाद बुधवार को 24 जिलों में अंग्रेजी विषय की परीक्षा रद्द कर दी गई थी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोषियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई सहित कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में बलिया के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ब्रजेश कुमार मिश्रा और कुल तीन पत्रकार शामिल हैं।

डीआईओएस और गिरफ्तार पत्रकारों में से एक अजीत ओझा को बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। रसड़ा के पुलिस उपाधीक्षक शिव नारायण व्यास ने बताया कि गुरुवार को नगर पुलिस ने प्रश्न पत्र लीक मामले में 9 और लोगों को गिरफ्तार किया है। बलिया के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा पेपर लीक मामले में गिरफ्तार शेष 24 आरोपियों को यहां न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी डीआईओएस को आजमगढ़ जिला जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। बाकी आरोपितों को बलिया जिला जेल में बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में अब तक कुल 26 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच कर रहे उत्तर प्रदेश पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप्स) की टीमें इस समय बलिया में डेरा डाले हुए हैं और अपराध में शामिल लोगों और मास्टरमाइंड को पकड़ने की कोशिश कर रही हैं।

इस बीच, उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने गुरुवार को लखनऊ में उप्र माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परीक्षा केंद्र आइडियल पब्लिक इंटर कॉलेज का दौरा किया और चल रही स्कूली परीक्षाओं की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र प्रभारी से अनुचित साधनों के उपयोग को रोकने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में पूछा और उन कक्षाओं में भी गईं जहां छात्र बोर्ड परीक्षा दे रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच विशेष जांच दल (एसटीएफ) को सौंपने का आदेश दिया था। एक आधिकारिक बयान में कहा गया था कि 24 जिलों में रद्द की गयी अंग्रेजी की परीक्षा अब 13 अप्रैल को होगी।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर