राजपथ पर यूपी की राम मंदिर वाली झांकी को पहला स्थान, खेल मंत्री ने दिया पुरस्‍कार

गणतंत्र दिवस के मौके पर देश की राजधानी दिल्‍ली में राजपथ पर आयोजित परेड में उत्तर प्रदेश की इस भव्य झांकी को पहला स्‍थान मिला है।

UP's Ram temple model tableau:
उत्तर प्रदेश की इस भव्य झांकी को पहला स्‍थान मिला है। 
मुख्य बातें
  • यूपी की झांकी में अयोध्‍या में बनने वाले राम मंदिर की दिखाई थी झलक
  • लगातार दूसरे वर्ष यूपी को पुरस्‍कार, पिछले साल मिला था दूसरा स्थान
  • राजनाथ सिंह गुरुवार को इस झांकी के लिए उत्‍तर प्रदेश को प्रथम पुरस्‍कार से नवाजेंगे

लखनऊ: गणतंत्र दिवस के मौके पर देश की राजधानी दिल्‍ली में राजपथ पर आयोजित परेड में जैसे ही राम मं‍दिर के मॉडल वाली उत्‍तर प्रदेश की झांकी आई तो वहां मौजूद लोग खड़े होकर तालियां बजाने लगे। तस्‍वीरों में कई लोग राम मंदिर के इस मॉडल की ओर हाथ जोड़े नजर आए। इस झांकी के रूप में ना केवल पूरे देश बल्कि समूचे विश्व ने भगवान राम के भव्य मंदिर की छवि के दर्शन किए। उत्तर प्रदेश की इस भव्य झांकी को पहला स्‍थान मिला है।

देश के युवा एवं खेल मंत्री किरण रिजिजू ने इस झांकी के लिए उत्‍तर प्रदेश सूचना विभाग की टीम को प्रथम पुरस्‍कार प्रदान किया। अपर मुख्‍य सचिव सूचना नवनीत सहगल, सूचना निदेशक शिशिर ने अपनी टीम के साथ यह पुरस्‍कार प्राप्‍त किया। खेल मंत्री ने खुद ट्वीट कर यूपी की झांकी के प्रथम स्‍थान प्राप्‍त करने पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को बधाई दी है। वहीं उन्‍होंने त्रिपुरा की झांकी को द्वितीय और उत्तराखंड की झांकी को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया।

बता दें कि यूपी की झांकी के पहले भाग में महर्षि वाल्मिकी को रामायण की रचना करते दिखाया गया जबकि मध्य भाग में राम मंदिर का मॉडल रखा गया था। पहली बार राजपथ पर अयोध्‍या में बनने वाले राम मंदिर और दीपोत्‍सव की झलक वाली झांकी न‍िकाली गई है।

उत्‍तर प्रदेश के सूचना निदेशक शिशिर (IAS) ने यूपी की झांकी को प्रथम पुरस्‍कार मिलने की जानकारी दी थी और प्रदेश वासियों को बधाई दी थी। उन्‍होंने ट्वीट करते हुए लिखा था- इस वर्ष के गणतंत्र दिवस में उत्तर प्रदेश की भव्य  झांकी को प्रथम स्थान पाने का गौरव प्राप्त ,सारी टीम को दिल से बधाई! गीतकार विरेंद्र वत्स को विशेष आभार। 

Tweet-

सीएम योगी ने भी किया था ट्वीट
राजपथ पर राम मंदिर मॉडल वाली झांकी की तस्‍वीर खुद मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने भी साझा की थी। इस तस्‍वीर के साथ उन्‍होंने लिखा था- जहां अयोध्या सियाराम की, देती समता का संदेश, कला और संस्कृति की धरती, धन्य-धन्य उत्तर प्रदेश।

वहीं पिछले साल की बात करें तो उत्तर प्रदेश को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ था। लगातार दो वर्षों से यूपी को पुरस्कार मिल रहा है। बीते साल असम की झांकी को सर्वश्रेष्‍ठ झांकी घोषित किया गया था। दूसरे स्थान पर ओडिशा और उत्तर प्रदेश की झांकी रहीं थीं।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर