योगी आदित्यनाथ ने कहा- भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र, यहां जितनी स्वतंत्रता कहीं भी नहीं

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भारत जितनी स्वतंत्रता दुनिया में कहीं नहीं है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है।

Yogi Adityanath
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 
मुख्य बातें
  • हम लोग प्रदेश में लगभग 90 लाख लोगों को रोजगार के साथ जोड़ चुके हैं : CM योगी
  • PM मोदी की दूरदर्शिता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता ने भारत को कोरोना संकट से बचाया: योगी
  • कोरोना संकट में दुनिया ने भारत की योग की ताकत को महसूस किया: मुख्यमंत्री

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय से वर्चुअल जनसंवाद रैली को संबोधित किया। इस रैली के माध्यम से उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। जितनी स्वतंत्रता भारत के अंदर है, उनती दुनिया में कहीं भी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता ने भारत को कोरोना संकट से बचाया है। ये पूरी दुनिया के सामने एक उदाहरण है। 

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत और अमेरिका में कोरोना का संक्रमण एक साथ फैला था। दोनों देशों की तुलना यदि आबादी के लिहाज की जाए तो, आप देखेंगे कि इस संक्रमण से भारत में अब तक 12 हजार मौतें हुई हैं, वहीं अमेरिका में 1 लाख 20 हजार लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में कोरोना संकट के दौरान बड़े-बड़े उपद्रव हो रहे हैं, लोग सड़कों पर उतर रहे हैं, सरकार की नीतियों की खिलाफत कर रहे हैं, वहीं भारत की 135 करोड़ की जनता पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है।

90 लाख लोगों को रोजगार

सीएम योगी ने कहा कि अनलॉक की कार्यवाही के बाद हम लोग प्रदेश में लगभग 90 लाख लोगों को रोजगार के साथ जोड़ चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा गरीब कल्याण रोजगार अभियान प्रारंभ किया गया है, इसके तहत 1 करोड़ 25 लाख लोग एक साथ प्रदेश में सेवायोजन, रोजगार और स्वरोजगार प्राप्त करने की स्थिति में रहेंगे। 

दुनिया ने भारत की योग की ताकत को महसूस किया

योगी ने कहा कि कोरोना संकट में दुनिया ने भारत की योग की ताकत को महसूस किया। योग हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है। यह भारत की आध्यात्मिक परंपरा का वाहक है, जिसने दुनिया के अंदर भारत की सांस्कृतिक विरासत को चेतना के उच्चतर सोपान तक पहुंचाया है। भारत की ऋषि परंपरा ने अतीत में क्या योगदान किया है, उसका एक माध्यम योग है। इसके जरिए दुनिया और भारत के बीच आत्मीय संवाद बना है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। 

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर