सस्ते में लेह-लद्दाख घुमाने के नाम पर मुंबई और पुणे के दर्जनों लोगों को टूर ऑपरेटर ने ठगा, लाखों रुपयों की लगाई चपत

Mumbai Crime News: लेह-लद्दाख को कम पैसों में अच्छे से घुमाने का लालच देकर एक फर्जी टूर ऑपरेटर ने मुंबई और पुणे के 17 लोगों से लाखों रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

mumbai
लेह-लद्दाख घुमाने के नाम पर मुंबई और पुणे में बड़ी ठगी  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • लेह-लद्दाख घुमाने के नाम पर बड़ी ठगी
  • टूर ऑपरेटर बनकर लूटे लाखों रुपये
  • पुणे और मुंबई के 17 लोग बने शिकार

Mumbai Crime News: मुंबई पुलिस ने एक ऐसे फ्रॉड के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिसने मुंबई और पुणे के 17 लोगों को आकर्षित दाम में लेह-लद्दाख घुमाने के नाम पर लाखों की ठगी कर ली। आरोपी ने यकीन दिलाने को सभी लोगों के साथ एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया और उसमें फ्लाइट से लेकर होटल बुकिंग तक के फर्जी डॉक्युमेंट्स भी शेयर किए। लोगों को जब पूरी तरह यकीन आ गया तो उन्होंने पूरा पैसा ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया।

जिस दिन लोगों को निकलना था, उस दिन टूर ऑपरेटर का नंबर ही स्विच ऑफ मिला। जब लोगों ने उसके डॉक्युमेंट्स की जानकारी निकाली तो वो भी पूरी तरह फर्जी निकले। जिसके बाद पुलिस में इस बात की शिकायत की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

आरोपी ठग ने लोगों को लिया झांसे में

ठगी की शुरुआत मुंबई में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने वाली 32 वर्षीय महिला के साथ हुई। दरअसल, पीड़ित महिला मानसून में कहीं छुट्टियां बिताने का प्लान कर रही थी। इसके लिए उसने ऑनलाइन सर्च करना शुरू किया। इसी बीच उसे एक ट्रैवल एजेंसी का विज्ञापन दिखा तो कम पैसों में अच्छे ऑफर दे रही थी। महिला ने जब फोन मिलाया तो उठाने वाले शख्स ने खुद को एजेंसी का मालिक बताया और उसने महिला को लेह-लद्दाख घुमाने के लिए एक बेहद अच्छा ऑफर दिया। महिला को जब ऑफर पसंद आया तो उसने अपने परिवार और पुणे में रहने वाले रिश्तेदारों को भी इस बारे में बताया। जिसके बाद कुल 17 लोग घूमने के लिए राजी हो गए।

फ्लाइट के फर्जी टिकट और होटल की बुकिंग भी दिखाई

दूसरी ओर, आरोपी ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया और सभी लोगों को उसमें एड कर दिया। जिसके बाद उसने थोड़ा एडवांस पेमेंट लिया और आगे की पेमेंट्स के लिए शेड्यूल बता दिया। जिसके बाद आरोपी ने फ्लाइट के फर्जी टिकट और होटल की बुकिंग भी दिखाई और  लोगों से पेमेंट करने के लिए कहा। 17 जुलाई तक आरोपी सभी लोगों से 5.6 लाख रुपये ठग चुका था। अगले दिन से उसका फोन बंद हो गया। शिकायतकर्ता महिला को जब गड़बड़ी लगी तो उसने सभी चीजों को वेरिफाई करने की कोशिश की, जो पूरी तरह फर्जी निकली। जिसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर