Mumbai Crime News: मुंबई के कांदिवली में कुत्ते के पांच पालतू बच्चों को जहर देकर मारा, मामला दर्ज

Mumbai Police: मुंबई में कुत्ते के पांच बेजुबान पालतू बच्चों की निर्मम हत्या का मामला प्रकाश में आया है। महिला ने अपने पालतू कुत्ते के बच्चों की हत्या का पड़ोसी पर संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

mumbai crime news
मुंबई में कुत्ते के पांच पालतू बच्चों को जहर देकर हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • महिला ने लगाया पड़ोसी पर आरोप
  • पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला किया दर्ज
  • पुलिस सीसीटीवी की मदद से कर छानबीन

Mumbai News: राजधानी मुंबई के कांदिवली में कुत्ते के 5 पालतू बच्चों को जहर देकर मारने का आरोप है। इस मामले में समता नगर पुलिस स्टेशन में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 69 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि उसे उसके पड़ोसी पर संदेह है, जो 35 वर्ष का है क्योंकि वह अक्सर उसके पालतू जानवरों को लेकर उसके साथ झगड़ा किया करता था।

मिली जानकारी के अनुसार महिला के पास दो पालतू कुत्ते थे, जिन्होंने आठ महीने पहले 15 बच्चों को जन्म दिया था। तबसे महिला उनकी देखभाल किया करती थी। महिला का कहना है कि आखिर उसके बेजुबान कुत्ते के बच्चों का क्या कसूर था जो उन्हें मार दिया गया। आसपास के लोगों का कहना है कि महिला का उसके पालतू कुत्तों से काफी लगाव था।

अचानक से बीमार पड़े कुत्ते के बच्चे

प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस ने बताया है कि कांदिवली इलाके के सप्तश्रृंगी सोसायटी की रहने वाली शिकायतकर्ता जानका उदमाले अपने पति, बेटे और मां के साथ रहती है। उनका परिवार एक जनरल स्टोर चलाता है। शिकातकर्ता ने पुलिस को बताया कि रात करीब 8 बजे अचानक पांच बच्चे बीमार पड़ गए और उनके मुंह से झाग और खून निकलने के बाद उनकी मौत हो गई थी।

सीसीटीवी कैमरे से पुलिस को सुराग की तलाश

जानकारी के लिए बता दें कि बच्चों के मरने पर महिला ने कंट्रोल रूम को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 429 (जानवरों को मारना या अपंग करना, आदि) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960, धारा 11 (जानवरों के साथ क्रूर व्यवहार करना) के तहत मामला दर्ज किया है। वैसे अभी तक मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बता दें कि पुलिस सुराग के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर