Mumbai Crime: महिला कर रही थी बस का इंतजार, पीछे से प्रेमी ने किया चाकू से वार, पुलिस कांस्टेबल ने बचाई जान

Mumbai Crime: मुंबई के वडाला में एक आशिक ने प्रेमिका पर चाकू से हमला बोल दिया। इस दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मी ने उसे बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से वार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Man attack on Girlfriend and mumbai Police constable in vadala
प्रेमी ने प्रेमिका पर किया चाकू से वार  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • वडाला में प्रेमी ने किया प्रेमिका पर चाकू से वार
  • मौके पर तैनात पुलिसकर्मी ने बचाई महिला की जान
  • आरोपी प्रेमी ने पुलिसकर्मी पर भी किया चाकू से वार

 Mumbai Crime: वडाला में महिला के दूरी बनाने से उसके पड़ोस के प्रेमी ने अपना आपा खो दिया और चाकू से महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद वडाला पुलिस के कांस्टेबल ने महिला की जान बचाने की कोशिश की, तो आशिक ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में महिला और कांस्टेबल, दोनों घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया है। महिला की जान बचाने के लिए पुलिस कांस्टेबल की तारीफ की जा रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना वडाला के बरकत अली नाका बस स्टॉप पर सुबह करीब 10:45 बजे हुई। उस समय पीड़िता अपने काम पर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। तभी उसके पीछे से आकर उसके प्रेमी ने उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। मालूम हो कि इन दोनों में प्रेम प्रसंग का मामला चल रहा था और आरोपी कई दिनों से इस महिला का पीछा कर रहा था वह मौके की तलाश में था। मौके का फायदा उठाकर उसने अचानक चाकू निकाला और उसकी पीठ पर हमला कर दिया। वडाला थाने के सिपाही मयूर पाटिल मौके पर मौजूद थे। महिला की चीख-पुकार सुनकर पाटिल ने प्रेमी को रोकने की कोशिश की।

आरोपी पहले भी करता था महिला को परेशान

वडाला निवासी पीड़िता की मां ने वडाला पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में बताया कि आरोपी उसके घर के नजदीक शिवनगर साल्ट पेन रोड के पास ही रहता है और आए दिन उनकी बेटी को परेशान करता था। दूसरी ओर संयुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने बहादुर सिपाही से मुलाकात की और एक महिला की जान बचाने के लिए उनकी प्रशंसा की।

आरोपी पुलिस की हिरासत में

अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब 10.45 बजे हुई, जब 25 वर्षीय पीड़िता अपने कार्यस्थल पर जा रही थी। अधिकारी ने बताया कि इलाके में गश्त कर रहे कांस्टेबल पाटिल ने तुरंत हस्तक्षेप किया और महिला को बचाया। उन्होंने बताया कि हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान पता चला कि हमलावर और महिला के बीच संबंध थे और उन्होंने शादी करने का फैसला किया था। हालांकि, महिला के परिवार के सदस्यों ने रिश्ते को मंजूरी नहीं दी। जिससे प्रेमी नाराज हो गया और मारपीट शुरू की दी। फिलहाल पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करके आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर