Mumbai coronavirus: मुंबई में सुधर रहे हालात, जिस दिन हुए सबसे ज्यादा टेस्ट, उसी दिन आए सबसे कम केस

Mumbai coronavirus: मुंबई में कोरोना को लेकर अच्छी खबर आई है। 3 महीने बाद एक दिन में 700 केस आए हैं, जो कि सबसे कम हैं। अच्छी बात है कि इस दिन सबसे ज्यादा टेस्ट भी हुए हैं।

Coronavirus
मुंबई में काफी तेजी से फैला था कोरोना वायरस 
मुख्य बातें
  • मुंबई में सोमवार को सबसे ज्यादा एक दिन में 8776 कोरोना टेस्ट हुए
  • इसी दिन सबसे कम मामले सामने आए
  • सोमवार को मुंबई में एक दिन में 700 मामले सामने आए

नई दिल्ली: कोरोना की मार झेल रहे मुंबई के लिए थोड़ी अच्छी खबर आई है। यहां एक दिन में कोरोना वायरस के 700 नए मामले सामने आए हैं, जो कि पिछले 3 महीनों में एक दिन में सबसे कम हैं। मुंबई में सबसे कम कोरोना केस उस दिन सामने आए, जिस दिन सबसे अधिक टेस्ट किए गए। सोमवार को किए गए 8776 कोरोना टेस्ट में केवल 700 पॉजिटिव निकले। इससे पहले बीएमसी ने सोमवार को बताया कि मुंबई में आज कोरोना वायरस संक्रमण के 1033 नए मरीज सामने आए।

मुंबई में रिकवरी रेट भी बेहतर हुई है। शहर में डबलिंग रेट अभी 68 दिनों की है और रिकवरी रेट 73 प्रतिशत है। कई रिपोर्ट्स से ये संकेत मिलता है कि महाराष्ट्र में कोरोना के जो कुल मामले हैं उसमें अब मुंबई का योगदान काफी कम हो गया है। 

सक्रिय मामलों की बात करें तो मुंबई की स्थिति अब ठाणे और पुणे दोनों से बेहतर है। इस राहत वाली खबर पर टिप्पणी करते हुए महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा, 'अच्छी खबर: मुंबई में आज केवल 700 मामले आए हैं और वह भी मुंबई में एक ही दिन (8776) में अब तक सबसे ज्यादा टेस्ट हुए है। पूरी क्षमता से वायरस का पीछा किया जा रहा है। 3 महीने बाद एक बड़ी राहत।' ठाकरे ने आगे कहा कि मुंबई आने वाले दिनों में टेस्टिंग बढ़ाएगा। 

सोमवार को आए आंकड़ों के अनुसार मुंबई में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,10,129 हो गई थी। अब तक शहर में संक्रमण से 6,119 लोग की मौत हुई है। मुंबई में अब तक 81,944 मरीज ठीक हुए हैं जबकि 21,812 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं महाराष्ट्र में कुल मामलों की संख्या 3,83,723 हो गई है। राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 13,883 हो गई है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर