Mumbai Crime News: इस खास मकसद से मुंबई से तस्कर किए जा रहे थे सैंड बोआ सांप, लाखों-करोड़ों में होती है कीमत

Mumbai Crime News: सोमवार को मुंबई पुलिस ने भी सैंड बोआ की तस्करी करने वाले 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला मुंबई के ठाणे के कल्याण इलाके का है। पुलिस ने बताया है कि इन 5 आरोपियों के पास से जो सैंड बोआ मिला उसकी कीमत 70 लाख रुपये है।

Mumbai Crime News
70 लाख रुपये के सैंड बोआ की तस्करी करने पर 5 गिरफ्तार  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • पुलिस ने सैंड बोआ की तस्करी करने वाले 5 लोगों को गिरफ्तार किया
  • 5 आरोपियों के पास से 70 लाख का सैंड बोआ मिला है
  • एक आरोपी भागने में कामयाब रहा

Mumbai Crime News: इस धरती पर कुछ जीव-जंतु और प्रजातियां ऐसी हैं, जो कई बीमारियों और अन्य चीजों के लिए कारगर साबित होती हैं। ऐसे में उन जीव-जंतु की काफी तस्करी भी होती है, जिनकी ब्लैक मार्केट में बेहिसाब कीमत होती है। हालांकि सरकार ऐसे जीव जंतुओं का खास तौर पर ख्याल रखती है, ताकि उनकी कालाबाजारी न हो सके। ऐसा ही एक जीव है जिसका नाम सैंड बोआ है। सैंड बोआ बेहद खास और दुर्लभ सांप की प्रजाति है। 

इस सांप की ब्लैक मार्केट में लाखों-करोड़ों की कीमत है, जिसकी अक्सर तस्करी भी होती रहती है। सोमवार को मुंबई पुलिस ने सैंड बोआ की तस्करी करने वाले 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला मुंबई के ठाणे के कल्याण इलाके का है। पुलिस ने बताया है कि इन 5 आरोपियों के पास से जो सैंड बोआ सांप मिले हैं, उसकी कीमत 70 लाख रुपये है। ये सांप कहां भेजे जाने थे इसको लेकर पूछताछ जारी है। 

जाल बिछाकर पुलिस ने किया तस्करों को गिरफ्तार

खड़कपाड़ा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक सरजेराव पाटिल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कल्याण पुलिस ने जाल बिछाकर रविवार को घंडारी पुल के पास से पांचों आरोपी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी महाराष्ट्र के टिटवाला, वाडा, पालघर, मनोर और भिवंडी इलाकों के रहने वाले हैं। सरजेराव पाटिल ने बताया है कि इनमें से एक भागने में कामयाब रहा है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। 

इस वह से बेहद खास होता है सैंड बोआ

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए पांचों आरोपियों के खिलाफ इस संबंध में भारतीय दंड संहिता और वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आपको बता दें कि सैंड बोआ, जो एक प्रतिबंधित और संरक्षित प्रजाति है, का उपयोग काले जादू में, औषधीय प्रयोजनों के लिए और इत्र बनाने में किया जाता है। विदेश में इस सांप की कीमत काफी ज्यादा है। सैंड बोआ रेगिस्तान में पाए जाने वाला सांप है, जो अपनी अलग खासियत के लिए जाना जाता है। 

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर