Mumbai Metro: गुड़ी पड़वा पर मुंबइकरों को मेट्रो की सौगात, इन स्टेशनों पर शुरू हो जाएगा परिचालन

Mumbai Metro: गुड़ी पड़वा के शुभ मौके पर मुंबई के लोगों को मेट्रो की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। चैत्र नवरात्रि पर्व के पहले दिन गुड़ी पड़वा से मेट्रो 2 ए और 7 को सीएमआरएस का क्लीयरेंस मिलने के बाद परिचालन का शुभारंभ होगा।

Mumbai Metro
गुड़ी पड़वा के शुभ मौके पर मुंबई के लोगों को बड़ी सौगात  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • गुड़ी पड़वा के शुभ मौके पर मुंबई के लोगों को बड़ी सौगात
  • मेट्रो 2 ए और 7 के परिचालन का होगा शुभारंभ
  • उद्धव ठाकरे हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

Mumbai Metro: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को दूसरी मेट्रो की सौगात मिलने जा रही है। बहुप्रतिक्षित मेट्रो 2 ए और 7 को सीएमआरएस का क्लीयरेंस मिलने के बाद परिचालन का शुभारंभ चैत्र नवरात्रि पर्व के पहले दिन गुड़ी पड़वा से होगा। एमएमआरडीए कमिश्नर एसवीआर श्रीनिवास ने बताया कि, इस मौके पर सीएम उद्धव ठाकरे हरी झंडी दिखाकर पहली सर्विस का शुभारंभ करेंगे।

गौरतलब है कि, मुंबईकरों को पहली मेट्रो की सौगात 8 जून 2014 को तत्कालीन कांग्रेस-एनसीपी की सरकार ने दी थी। मेट्रो 1 का संचालन वर्सोवा से घाटकोपर के बीच शुरू हुआ था। अब गुडी पड़वा के अवसर पर मुंबई में दूसरी मेट्रो की शुरुआत होने जा रही है। वैसे मुंबई एमएमआर में 300 किमी से ज्यादा क्षेत्र में मेट्रो का निर्माण चल रहा है।

पहला चरण होगा शुरू

मेट्रो -2 ए के लिए पहला चरण दहिसर और दहानुकरवाड़ी के बीच और मेट्रो -7 कॉरिडोर के लिए दहिसर और आरे कॉलोनी के बीच शुरू हो जाएगा। जबकि, दहिसर से अंधेरी के बीच का पूरा कॉरिडोर अक्टूबर 2022 तक शुरू होने की उम्मीद है। एमएमआरडीए के अनुसार, गुडी पाडवा के बाद मेट्रो कॉरिडोर के संचालन के लिए 6 कोच वाले 10 मेट्रो ट्रेनें तैयार हैं। इनमें 8 रेक का उपयोग होगा, बाकी स्टैंडबाय पर होंगे।

हर 10 मिनट में एक ट्रेन चलेगी

पहले चरण में मेट्रो 2 ए और 7 कॉरिडोर पर 10-10 मिनट की फ्रीक्वेंसी पर लगभग 200 सेवाओं को चलाने की योजना है। महिलाओं के लिए एक कोच आरक्षित मेट्रो 2 ए और 7 के ट्रेन में एक कोच महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। 6 कोच वाली इस अत्याधुनिक मेट्रो में एक बार में 2,880 यात्रियों को लेकर चलने की क्षमता है। इसके अलावा सीसी टीवी सर्विलांस से लैस कोच में सायकिल लेकर यात्रा करने की व्यवस्था की गई है। इस पहले चरण का मेट्रो का न्यूनतम किराया 10 रुपए और अधिकतम किराया 40 रुपए होगा।

ये होंगे मेट्रो 7 के स्टेशन

(चरण 1) आरे,दिंडोशी, कुरार, आकुर्ली, पोइसर, मागठाणे, देवीपाड़ा, संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान और ओवरीपाड़ा।

ये होंगे मेट्रो 2 ए के स्टेशन

(चरण 1) दहिसर ई, अपर दहिसर, कांदरपाड़ा, मंडपेश्वर, एक्सर, बोरीवली (वेस्ट), पहाड़ी एक्सर, कांदिवली (वेस्ट) और दहानुकरवाड़ी।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर