CAA: नागरिकता कानून के समर्थन में मुंबई के आजाद मैदान में उमड़ा हुजूम, रैली में शामिल हुए फडणवीस

मुंबई समाचार
Updated Dec 27, 2019 | 18:24 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में शुक्रवार को मुंबई के आजाद मैदान में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

Mumbai People continue to hold demonstration at August Kranti Maidan in support of Citizenship Amendment Act
CAA के समर्थन में मुंबई के आजाद मैदान में उमड़ा हुजूम  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • नागरिकता कानून के समर्थन में मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में एक बड़ी रैली निकली
  • इस रैली में भाजपा नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस भी हुए शामिल
  • जाद मैदान में दूसरी तरफ नागरिकता कानून के खिलाफ भी हुए विरोध प्रदर्शन

मुंबई: नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में तो कई जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं  लेकिन अब इस बिल के समर्थन में भी रैलियां निकल रही है। शुक्रवार को इस कानून के समर्थन में मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में एक बड़ी रैली निकली जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस कार्यक्रम की खासियत यह रही है कि इसमें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने भी शिरकत की।

हाथों में तिरंगा लिए लोग बिल के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। रैली को संबोधित करते हुए फड़णवीस ने कहा, ' जो लोग इस बिल को अपने राज्य में लागू नहीं करने की बाद कर रहे हैं वो दरअसल संविधान के विरोध में हैं। यदि एक कानून संसद में पास हुआ है तो राज्य उसे लागू करने के लिए बाध्य होता है।' इस रैली में लोगों ने सीएए और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के समर्थन में लिखे संदेशों वाली तख्तियां भी ले रखी थी।

सीएए समर्थकों के पास डॉ बाबासाहेब आंबेडकर की तस्वीरें थी और मंच पर वीडी सावरकर, महात्मा ज्योतिबा फुले, भारत माता और साहू महाराज की बड़ी तस्वीरें भी दिखी। सीएए और एनआरसी के समर्थन में ऐसी एक रैली पिछले हफ्ते दादर में हुई थी।

वहीं आजाद मैदान में दूसरी तरफ नागरिकता कानून और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन हुए।  प्रदर्शनकारी दक्षिणी मुंबई के आजाद मैदान में जमा हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वे अपने साथ मोदी सरकार के इस कदम की निंदा करने वाले बैनर लिये हुए थे। इससे पहले 19 दिसंबर को अगस्त क्रांति मैदान में सीएए के विरोध में बड़ा प्रदर्शन हुआ था जिसमें गैर भाजपा दलों के कार्यकर्ता, छात्र और बॉलीवुड की कई हस्तियां भी शामिल हुईं थी।

 

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर