मुंबई: शादी से ठीक पहले दुल्हन के बारे में सोसाइटी के स्वीपर ने सोशल मीडिया पर लिखा कुछ ऐसा, हो गया अरेस्ट

Crime in Mumbai: मुंबई पुलिस ने एक 24 साल के शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि, उसने एक 23 वर्षीय लड़की के बारे में सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट किया, वो भी उसकी शादी से ठीक पहले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Mumbai society sweeper arrested for false post of woman on social media
मुंबई में शादी से पहले सोसायटी के स्वीपर ने दुल्हन के बारे में सोशल मीडिया पर की गलत पोस्ट, हुआ गिरफ्तार  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • सोसायटी का स्वीपर सोशल मीडिया पर कर रहा था गलत पोस्ट
  • लड़की की शादी से ठीक पहले ही कर दिया जमकर बदनाम
  • सोशल मीडिया पर कहा कि लड़की शादी से पहले भाग जाएगी

Crime in Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पुलिस ने एक 24 वर्षीय सोसायटी के स्वीपर को गिरफ्तार किया है। स्वीपर पर आरोप है कि, उसने सोसायटी की ही रहने वाली एक लड़की के खिलाफ सोशल मीडिया पर गलत और खराब बातें लिखीं जिससे पीड़िता की छवि को काफी नुकसान पहुंचा। आरोपी ने ऐसी हरकत उस समय की, जब पीड़िता की कुछ ही समय में शादी होने वाली थी। हालांकि, पीड़िता ने बिना घबराए, इस मामले में परिवार और अपने होने वाले पति की मदद ली। पुलिस में शिकायत कराई गई तो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि, आरोपी उस महिला से प्यार करता था और उसकी सगाई होने के बाद से नाराज था। 

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला गोरेगांव की एक सोसायटी का है। मई में सोसायटी की रहने वाली एक 23 साल की लड़की की सगाई हुई थी। यह बात उसी सोसायटी में काम करने वाले एक स्वीपर को चुभ गई, क्योंकि वह भी उस लड़की से प्यार करता था। दूसरी ओर, लड़की वालों ने शादी की तारीख 21 जून रखी जिसके लिए कार्ड भी बांटने शुरू हो गए। स्वीपर ने शादी तुड़वाने के लिए एक प्लान बनाया और लड़की के नाम पर सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट कर डाला।

आरोपी ने इस कारण किया सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट

आरोपी स्वीपर ने लड़की के फोटो और शादी के कार्ड का फोटो सोशल मीडिया पर डाला और लड़की का नाम लिखते हुए कहा कि, वह शादी से पहले ही अपने घर से भाग जाएगी। इसके साथ ही आरोपी ने कई और भी चीजें लिखी। पीड़िता ने जैसे ही ये सबकुछ देखा तो उसके होश उड़ गए। पीड़िता के परिवार और मंगेतर ने पुलिस से इस संबंध में मदद मांगी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया और मामले की छानबीन शुरू की।

पुलिस ने आरोपी के आईपी एड्रेस के सहारे उसे ट्रेस किया और गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, वह उस लड़की से प्यार करता है। जैसे ही उसे पता चला कि, सगाई हो गई तो उसने यह काम शादी तुड़वाने के इरादे से किया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर