Military Lockdown: मुंबई-पुणे को सेना के हवाले किए जाने की खबर अफवाह, पुलिस ने लोगों से कहा मैसेज आगे न बढ़ाएं

Coronavirus cases in Mumbai and pune: मुंबई पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मुंबई और पुणे को सेना के हवाले नहीं किया जा रहा है। यह सिर्फ अफवाह है और लोग राशन की जमाखोरी न करें।

मुंबई और पुणे को सेना के हवाले किए जाने की खबर अफवाह, मुंबई पुलिस ने लोगों से कहा मैसेज आगे न बढ़ाएं
मुंबई और पुणे को सेना के हवाले करने की थी खबर  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • सोशल मीडिया पर मुंबई और पुणे को मिलिट्री लॉकडाउन में डालने की खबर आई
  • मुंबई पुलिस ने तुरंत लोगों से खबर को बताया अफवाह, राशन जमाखोरी न करने की अपील की
  • महाराष्ट्र में कोरोना के केस पूरे देश का करीब 36 फीसद

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक अफवाह तेजी से फैली की मुंबई और पुणे को 10 दिन के लिए सेना के हवाले किया जा रहा है लिहाजा लोग राशन स्टोर करके रख लें। लेकिन मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अफवाह है, इस पर भरोसा न करें। इस अफवाह पर किसी तरह की प्रतिक्रिया न दें ताकि इस चेन को तोड़ा जा सके। मुंबई पुलिस ने कहा कि किसी की भी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है हालात पूरी तरह नियंत्रण में है। 

तेजी से फैली अफवाह, हरकत में आई पुलिस
जो फर्जी खबर प्रचारित की जा रही थी। उसमें लिखा गया है कि शनिवार से मुंबई और पुणे को 10 दिन के लिए मिलिट्री लॉकडाउल में डाल दिया जाएगा। ऐसा लग रहा है कि उद्धव ठाकरे के हाथ से हालात बाहर हो चुके हैं। लॉकडाउन के दौरान सिर्फ दूध और दवाएं उपलब्ध होंगी। आप अपने दोस्तों की इस बात की जानकारी दें। इस संबंध में महाराष्ट्र सरकार किसी भी समय घोषणा कर सकती है। लेकिन मुंबई पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि यह महज शरारत है और इस सिलसिले में जांच की जा रही है। 

आखिर क्या हो सकती है वजह
दरअसल आज से करीब 15 दिन पहले महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा था कि हालात ऐसे नहीं है कि मुंबई को सेना के हवाले किया जाए। जहा्ं तक आगे की बात है तो जिस तरह के हालात पैदा होंगे फैसला लिया जाएगा। इस बीच राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि प्रदेश का पुलिस बल इस समय कोरोना की वजह से अधिक ड्यूटी कर रहा है और इसकी वजह से शारीरिक थकावट भी है.लिहाजा राज्य सरकार केंद्रीय बलों की मांग कर सकती है। ऐसे माहौल में लोग दबी जुबां इस तरह की बात किया करते थे कि सरकार कोई बड़ा फैसला कर सकती है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर