Pune: परिवार ने 'मिटाया' लड़की का प्यार, बॉयफ्रेंड की हत्या के आरोप में गर्लफ्रेंड के पिता समेत सात गिरफ्तार

Pune Crime News: अंतर धार्मिक संबंध को लेकर एक परिवार ने बेटी के प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया है। मृतक अहमदनगर जिले का रहने वाला था। युवक और युवती दोनों दो महीने पहले घर से भाग गए थे लेकिन उनके रिश्तेदारों ने उनका पता लगाया और उन्हें वापस ले आए थे।

Pune Crime News
बेटी के बॉयफ्रेंड की हत्या करने के आरोप में परिवार सात लोग गिरफ्तार  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • पुणे में अंतर-धार्मिक संबंध को लेकर एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है
  • परिवार ने अपने घर की बेटी के प्यार को हमेशा के लिए मिटा दिया
  • गिरफ्तार लोगों में महिला के पिता और दो चाचा शामिल

Pune Crime News: पुणे में आॅनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां एक परिवार ने अपने घर की बेटी के प्यार को हमेशा के लिए मिटा दिया है। पुलिस ने बताया है कि अहमदनगर जिले में 31 साल के एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार लोगों में मुस्लिम महिला के पिता और दो चाचा शामिल हैं।

मृतक की पहचान दीपक बर्दे के तौर पर हुई है, जिसका रिश्ते आरोपी मुस्लिम परिवार की लड़की से था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपियों ने श्रीरामपुर तहसील के रहने वाले दीपक बर्दे की पिटाई कर हत्या की और फिर उसके शव को गोदावरी नदी में फेंक दिया। लड़की के पिता और चाचा ने अपने जुर्म को कबूल भी कर लिया है। 

अभी तक मृतक का शव नहीं मिला

हालांकि पुलिस को अभी तक दीपक बर्दे का शव नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दीपक की प्रेमिका के पिता, चाचा, मामा और चार अन्य सहित सात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या), 201 (सबूत गायब करना) और 364 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया गया है। श्रीरामपुर तहसील के भोकर गांव की रहने वाली बर्दे और लड़की दोनों दो महीने पहले भाग गए थे, लेकिन उनके रिश्तेदारों ने उनका पता लगाया और उन्हें वापस ले आए।

पुणे में किया था मृतक का अपहरण

पुलिस ने बताया है कि 30 अगस्त को बर्दे नौकरी की तलाश में पुणे गया था। अगले दिन उसके पिता को गांव के कुछ लोगों ने बताया कि उसके बेटे का पुणे के वाघोली इलाके में लड़की के पिता के एक रिश्तेदार ने अपहरण कर लिया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। लड़की के पिता, उसके भाई और साले समेत चार संदिग्धों को 1 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था और बाद में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कहा कि वे बर्दे को भोकर गांव ले गए जहां उसकी पिटाई की गई और फिर नदी में फेंक दिया गया। 

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर