पुणे के लाल महल में डांस करना पड़ गया भारी, पुलिस ने डांसर वैष्णवी पाटिल सहित दो के खिलाफ दर्ज किया मामला

Vaishnavi Patil: मशहूर लावणी डांसर वैष्णवी पाटिल अपने एक डांस वीडियो को लेकर मुसीबत में फंस गई है। उन्होंने पुणे के लाल महल में एक डांस वीडियो शूट किया, जिसके बाद उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। मामले में एक्शन लेते हुए पुणे पुलिस ने वैष्णवी सहित दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Dancer Vaishnavi Patil embroiled in controversy
विवादों में घिरी डांसर वैष्णवी पाटिल  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • लाल महल में बीता है शिवाजी महाराज का बचपन
  • सोशल मीडिया पर हुई वीडियो की आलोचना
  • कई नेताओं और संगठनों ने दर्ज करवाई आपत्ति

Dancer Vaishnavi Patil Controversy: डांस के सुपरस्टार और डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर 1 में नजर आने वाली डांसर वैष्णवी पाटिल इन दिनों अपने एक डांस ​वीडियो को लेकर मुसीबत में फंस गई हैं। वैष्णवी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अकसर अपने फोटोज व वीडियोज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करती हैं। पिछले दिनों उन्होंने लाल महल के अंदर लावणी डांस किया और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया। जिसको ​लेकर पुणे पुलिस ने वैष्णवी पाटिल और दो अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि वैष्णवी ने बिना अनुमति लाल महल में वीडियो शूट किया। आपको बता दें कि लाल महल में छत्रपति शिवाजी महाराज ने अपना बचपन बिताया था। 

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुणे की फरसखाना थाना पुलिस ने वैष्णवी के खिलाफ एक्शन लेते हुई तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 186 और 295 में मामला दर्ज किया है। आपको बता दें वैष्णवी पाटिल मशहूर लावणी डांसर हैं। उन्होंने डांस के सुपरस्टार और डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर 1 सहित कई रियलिटी शोज में हिस्सा लिया। इसी के साथ वे एक मराठी टीवी शो में भी नजर आ चुकी हैं। 

सोशल मीडिया पर मांगी माफी 

जानकारी के अनुसार लाल महल के आंगन में डांस करता वैष्णवी का यह वीडियो जैसे ही सामने आया, सोशल मीडिया पर इसे जमकर वायरल किया जाने लगा। लोगों ने लाल महल में डांस करने पर आपत्तियां भी दर्ज करवाईं और डांसर की जमकर आलोचना की। कई नेता और संगठनों ने भी इस पर आपत्ति जताई। जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया। हालांकि मामले के तूल पकड़ने और एफआईआर दर्ज होने के बाद वैष्णवी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। 

मना करने पर भी नहीं मानी वैष्णवी 

पुलिस का कहना है कि यह वीडियो लाल महल में सोमवार को शूट किया गया था। जिस समय इसे शूट किया जा रहा था, उस समय भी ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने वैष्णवी और उनकी टीम को ऐसा करने से रोका था, लेकिन उन्होंने एक न सुनी और वीडियो शूट कर लिया। इस महल में शिवाजी ने अपना बचपन बिताया है, ऐसे में लोग इससे भावनात्मक रूप से जुड़े हैं। वहीं महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता ​जितेंद्र आवहद ने भी वैष्णवी के इस वीडियो की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने ट्वीट किया, शिवाजी महाराज का लाल महल डांस वीडियो शूट करने की जगह नहीं है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ऐसा दुबारा नहीं होना चाहिए।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर