'पुष्पा' की तरह चंदन की चोरी करता था ये गैंग, हर महीने आ रही नई शिकायत, पुलिस ने इस तरह किया गिरफ्तार

Sandalwood Smuggling: पुणे की क्राइम ब्रांच पुलिस ने चंदन की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह साउथ सिनेमा की फिल्म पुष्पा की तरह चंदन की चोरी करता था। पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने इस मामले में आखिरकार पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

Sandalwood Smuggling
धरे गए चंदन चोर 'पुष्पा' की तरह करते थे चंदन की चोरी  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • पुलिस ने चंदन की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया
  • मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया
  • गिरोह ने अकेले एक फैक्ट्री में छह बार की चोरी

Sandalwood Smuggling: पुणे की क्राइम ब्रांच पुलिस ने चंदन की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह साउथ सिनेमा की फिल्म पुष्पा की तरह चंदन की चोरी करता था। चंदन की चोरी को लेकर लगभग हर महीने पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं। यह गिरोह चंदन की लूट के लिए केवल सरकारी परिसरों को निशाना बना रहा था। शहर में पाए गए नौ मामलों में, गिरोह ने अकेले एक फैक्ट्री पर छह बार चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने इस मामले में आखिरकार पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

इनमें से चार मध्य प्रदेश से और एक अहमदनगर जिले का रहने वाला है। चारों आरोपी अक्षय अर्दे, अंतरस पवार, अक्कीलाल पारधी और बियारलाल राजपूत को 11 जुलाई को क्राइम ब्रांच की पेट्रोलिंग टीम ने संदिग्ध रूप से घूमते हुआ पाया था, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई है। 

चंदन खरीदने वाले को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि, यह गिरोह साल 2021 और 2022 के बीच खडकी एम्युनिशन फैक्ट्री में चंदन चोरी के छह मामलों में शामिल था। आगे की जांच के दौरान आरोपियों ने नेशनल केमिकल लैबोरेटरी (एनसीएल) में दो और राजीव गांधी जूलॉजिकल पार्क में एक मामले में अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों ने नौ मामलों में करीब 15 चंदन के पेड़ की चोरी की है। शुरुआती जांच में पुलिस अहमदनगर जिले के घोडेगांव के अन्ना गायकवाड़ तक पहुंची, जो आरोपी से चोरी की चंदन की लकड़ी खरीदता था। उसे 16 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। 

चोरी करने से पहले जगह की रेकी करते थे चोर

पुलिस को बाद में पता चला कि, उसके खिलाफ चंदन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में 2.87 लाख रुपये की चंदन की लकड़ी जब्त की है। कोर्ट ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले पर पीआई जयंत राजुरकर ने बताया है कि, आरोपी सरकारी परिसर को निशाना बनाते थे, जहां चंदन के पेड़ लगाए जाते हैं। चोरी करने से पहले वे ऐसी जगहों की रेकी करते थे। हमने खडकी एम्युनिशन फैक्ट्री और नेशनल केमिकल लैबोरेटरी में चोरी के मामलों में उनकी संलिप्तता पाई है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर