Mumbai Highway: मुंबई-नागपुर समृद्धि हाईवे पर सफर के लिए अभी करना होगा इंतजार, जानें कब से खुलेगी राह

Mumbai News: मुंबई-नागपुर समृद्धि हाईवे पर सफर का सपना जल्‍द ही पूरा हो सकता है। इसके पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है, जिसे आगामी 2 मई को शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि मुंबई से नागपुर तक के इस सफर के लिए लोगों को जून 2023 तक इंतजार करना पड़ेगा।

Mumbai Highway
2 मई को खोला जाएगा यात्रियों के लिए हाईवे (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • मुंबई-नागपुर समृद्धि हाईवे पर 2 मई से सफर शुरू
  • मुंबई से नागपुर तक पूरा हाईवे जून 2023 में खुलेगा
  • इस हाईवे से मुंबई से नागपुर 8 घंटे में पहुंचा जा सकेगा

Mumbai News:  बहुप्रतिक्षित मुंबई-नागपुर समृद्धि हाईवे पर सफर करने को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस हाईवे पर सफर करने के लिए अभी आपको थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। हाईवे को नागपुर से वाशिम सेलू बाजार के बीच 2 मई को यात्रा के लिए खोला जाएगा। वहीं वाशिम से शिरडी के बीच 15 अगस्त से यात्रा शुरू सकेगी। जबकि मुंबईकरों का इंतजार लंबा होने वाला है। मुंबई से नागपुर के बीच यात्रा करने के लिए इस हाईवे को जून 2023 तक खोले जाने की संभावना है।

महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम का दावा है कि, समृद्धि महामार्ग का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। पहले चरण के रूट से यात्रा करने वालों को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे 2 मई को हरी झंडी दिखाएंगे।

जानें, समृद्धि महामार्ग को

नागपुर से मुंबई को जोड़ने वाले इस समृद्धि महामार्ग की लंबाई 701 किलोमीटर है। जबकि इसकी चौड़ाई 120 मीटर है। महामार्ग पर 8 लेन का बनाया जा रहा है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 55,000 करोड़ रुपये है। यह हाईवे नागपुर के बुटीबोरी, वर्धा, अमरावती, जालना, औरंगाबाद और नासिक से होते हुए शिरडी तक गुजरेगा। इस हाईवे के शुरू होने के बाद राज्‍य के 24 जिले आपस में जुड़ सकेंगे।

वहीं नागपुर से मुंबई तक की यात्रा भी 8 घंटे में पूरी की जा सकेगी। इस महामार्ग पर ऑटोमेटिक टोल कलेक्शन सिस्टम भी लगाए जाएंगे। वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग पर कुल 25 स्थानों पर इंटरचेंज बनेंगे। इस प्रॉजेक्ट पर करीब 724 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

पहले चरण में नागपुर से वाशिम तक सफर

इस हाईवे का पहला चरण नागपुर से वाशिम तक 210 किलोमीटर मार्ग का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। इसे यात्रा के लिए 2 मई को खोल दिया जाएगा। वहीं समृद्धि महामार्ग के दूसरे चरण में 15 अगस्त को वाशिम से शिरडी तक का 292 किलोमीटर का मार्ग खोला जाएगा।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर