Mumbai: व्हेल मछली की उल्टी की स्मगलिंग करने पर दो गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त की 1.6 करोड़ रुपये की कीमत की उल्टी

Mumbai Whale Vomit Smuggling: ठाणे जिले के डोंबिवली शहर में पुलिस ने दो तस्‍करों को 750 ग्राम एम्बरग्रीस या व्हेल उल्टी के साथ गिरफ्तार किया है। इंटरनेशनल मार्केट में इसकी कीमत 1.6 करोड़ रुपये है। दोनों यहां पर इसे बेचने के लिए आए थे, लेकिन पुलिस ने पहले ही दबोच लिया।

whale vomit
750 ग्राम एम्बरग्रीस के साथ दो तस्‍कर गिरफ्तार   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • व्‍हेल की उल्‍टी बेचने के लिए आए थे दोनों होटल में
  • तस्‍करों के पास से बरादम हुआ 750 ग्राम एम्बरग्रीस
  • दोनों का एक साथी तस्‍कर हुआ फरार, पुलिस कर रही तलाश

Mumbai Whale Vomit Smuggling: ठाणे जिले में महाराष्ट्र पुलिस ने एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ठाणे जिले के डोंबिवली शहर में दो लोगों को 750 ग्राम एम्बरग्रीस या व्हेल उल्टी के साथ दो तस्‍करों को गिरफ्तार किया है। इंटरनेशनल मार्केट में इसकी कीमत 1.6 करोड़ रुपये है। ये दोनों आरोपी इसे बेचने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तस्‍करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने टीम ने देर रात डोंबिवली शहर के एक होटल के पास जाल बिछाया और बैग लेकर वहां पहुंचते ही दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान नंदू किसानदेव राय (28) और अर्जुन हरिश्चंद्र निर्मल (26) के रूप में हुई है। इनके पास मौजूद बैग में तलाशी लेने पर 750 ग्राम वजनी एम्बरग्रीस जब्त की गई है। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने प्रतिबंधित वस्तु की तस्करी में शामिल एक और व्यक्ति के नाम का खुलासा किया है। जिसको पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें छापेमार कार्रवाई कर रही है।

एंबरग्रीस को कहा जाता है तैरता हुआ सोना

बता दें कि एंबरग्रीस को व्हेल वोमिट भी कहा जाता है। एंबरग्रीस व्हेल की उल्टी है। यह एक भूरे रंग का मोम जैसा पदार्थ है जो स्पर्म व्हेल के पेट में बनता है। व्हेल के उल्टी करने के बाद यह पदार्थ समुद्र के पानी में तैरता हुआ पाया जाता है। इस उल्‍टी को समुद्री सोना या तैरता हुआ सोना भी कहा जाता है, क्योंकि इसका उपयोग बेहद लक्जरी व महंगे इत्र को बनाने में किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी हमेशा डिमांड रहती है। अधिकारियों के अनुसार यहां पर दोनों आरोपी किसी को बेचने के लिए आए थे। लेकिन तस्‍करी होने से पहले ही दोनों को दबोच लिया गया। दोनों के खिलाफ वन्य जीवन (संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर