Kamran Amin Khan: जानें कौन है वो शख्स जिसने दी योगी आदित्यनाथ को बम विस्फोट में मारने की धमकी

Who is Kamran Amin Khan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हत्या की धमकी देने वाले मुंबई के कामरान अमीन खान को महाराष्ट्र एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया है। यहां जानें आखिर ये शख्स है कौन।

Kamran Amin Khan
कामरान अमीन खान 
मुख्य बातें
  • 2 दिन के अंदर गिरफ्तार किया गया धमकी देने वाला शख्स
  • उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के व्हाटसऐप नंबर पर आया था धमकी का मैसेज
  • योगी को एक समुदाय विशेष के लिए खतरा बताया

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने शनिवार 25 साल के उस शख्स को गिरफ्तार किया, जिसने कथित तौर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हत्या की धमकी दी थी। पुलिस ने बताया कि चूनाभट्टी इलाके के निवासी कामरान अमीन खान को एटीएस की कालाचौकी इकाई ने गिरफ्तार किया। दरअसल, उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के व्हाटसऐप नंबर पर धमकी का मैसेज आया था। इसमें बम विस्फोट में योगी आदित्यनाथ की हत्या करने की धमकी दी गई थी। मैसेज करने वाले ने आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया और एक समुदाय विशेष के लिए योगी को खतरा बताया।

इसके बाद लखनऊ के गोमती नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। फिर उत्तर प्रदेश पुलिस ने महाराष्ट्र एटीएस को इस संबंध में सूचित किया। आरोपी को धमकी देने के 48 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार मध्यरात्रि के बाद लगभग साढे 12 बजे मैसेज आया, जिसके बाद तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और कुछ ही मिनट में FIR दर्ज हुई।

कौन है कामरान

'नवभारत टाइम्स' के अनुसार, कामरान मुंबई का ही रहने वाला है। पहले वो सिक्योरिटी गॉर्ड की नौकरी करता था, लेकिन 2017 में उसका स्पाइन टीबी का ऑपरेशन हुआ, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी। वो फिलहाल कुछ नहीं कर रहा है। उसके पिता एक टैक्सी ड्राइवर थे, जिनकी दो महीने पहले मौत हो गई थी। परिवार में मां के अलावा उसका एक बड़ा भाई और एक बहन है। उसने 5वीं तक पढ़ाई की है और नशे का आदी है। 

पहले भी मिल चुकी है धमकी

यह पहली बार नहीं है जब योगी को इस तरह  से जान से मारने की धमकी मिली हो। इससे पहले बिहार पुलिस के एक जवान को भी पुलिस ने अरेस्ट किया था। पुलिस इस जवान को बिहार से गिरफ्तार कर लाई थी। बिहार पुलिस का यह जवान उत्तर प्रदेश का ही रहने वाला था। आरोपी का नाम तनवीर खान था। तनवीर खान ने 24 अप्रैल को यूपी के सीएम की हत्या करने की बात फेसबुक पर लिखी थी। जिसे देखने के बाद पुलिस हरकत में आई थी और मामला दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू की तो तार बिहार तक जुड़े मिले और आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया। 

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर