शिवसेना नेता की गुंडागर्दी, अस्पताल में सीनियर डॉक्टर के साथ की बदसलूकी [VIDEO]

मुंबई के एक मशहूर अस्पताल में एक वरिष्ठ डॉक्टर के साथ शिवसेना नेता की बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 Viral video where Shiv Sena leader Nitin Nandgaonkar abusing & threatening a senior doctor in Mumbai
शिवसेना नेता की गुंडागर्दी, सीनियर डॉक्टर के साथ बदसलूकी 
मुख्य बातें
  • मुंबई के एक मशहूर अस्पताल में डॉक्टर के साथ शिवसेना नेता की बदसलूकी
  • विडियो सोशल मीडिया पर वायरल, लोग कर रहे हैं जमकर आलोचना
  • सोशल मीडिया पर लोगों ने की इस 'गुंडे' नेता के खिलाफ कार्रवाई की बात
मुंबई: कोरोना के इस दौर में स्वास्थ्यकर्मी और डॉक्टर दिन रात अपनी ड्यूटी कर जिस तरह से सेवा कर रहे हैं वो किसी से छिपा नहीं है। अपने परिवार को छोड़कर ये लोग दिन-रात मरीजों के इलाज में जुटे हुए हैं। लेकिन इन्हीं देवदूतों को अभद्र व्यवहार का सामना भी करना पड़ रहा है और इनके साथ बदतमीजी के कई वीडियो पूर्व में सामने आ चुके हैं। अब ताजा मामला महाराष्ट्र के मुंबई से आया है। महाराष्ट्र में कोरोना के सर्वाधिक मरीज हैं। मुंबई में शिवसेना नेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जो एक अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर के साथ बदतमीजी कर रहा है।

 
हीरानंदानी अस्पताल का है मामला
मामला मुंबई के प्रसिद्ध एल एच हीरानंदानी अस्पताल का है। जहां शिवसेना नेता नितिन नंदगांवकर अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर और सीईओ के साथ बद्तमीजी कर रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है और लोग इसकी जमकर आलोचना कर रहे हैं। वीडियो में शिवसेना नेता नितिन नंदगांवकर डॉक्टर से कहता है, 'यह एक अस्पताल है। हम आपको भगवान की तरह पूजते हैं। डॉक्टर भगवान हैं। आप डॉक्टर हैं वरना मैं आपको थप्पड़ मारता।' इसके बाद वरिष्ठ डॉक्टर नितिन से कहते हैं, आइए मेरे साथ।'
 
 वायरल हुआ वीडियो
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो किसी ने शिवसेना नेता से शिकायत की थी कि अस्पताल प्रशासन मरीज की डेड बॉडी देने से इंकार कर रहा है जिसके बाद नितिन अस्पताल पहुंचे। कहा जा रहा था कि अस्पताल डेड बॉडी देने के बदले 8 लाख रूपये की मांग कर रहा था। वहीं सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल और शेयर किया जा रहा है। आपको बता दें कि मुंबई में गुरुवार को कोरोना वायरस के 1498 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 97,751 हो गयी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि 56 और मरीजों की मौत होने से महानगर में मृतकों की संख्या 5520 हो गयी है।
 

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर