Patna Change in School Timing : पटना में बदला सभी स्कूल का समय, जानें क्या है स्कूलों की नई टाइमिंग

Patna Change in School Timing : इस साल भीषण गर्मी पड़ रही है। मार्च और अप्रैल में ही मई-जून जैसी गर्मी पड़ रही है। इससे हर कोई बेहाल है। ऐसे में जिला प्रशासन ने बच्चों को लू से बचाने के लिए स्कूल के समय में बदलाव किया है।

Patna Schools Timing
पटना में सुबह 10:45 तक ही चलेंगे स्कूल (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • पटना में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ
  • पटना क स्कूलों की टाइमिंग पर दिखा गर्मी का असर
  • पटना समेत सूबे के 13 जिलों में तापमान 42 डिग्री से अधिक रहा

Patna Change in School Timing : गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। हर दिन भीषण गर्मी झेलने वाले जिलों की संख्या में इजाफा हो रहा है। अब राजधानी पटना समेत 13 जिलों में सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सूबे में सबसे अधिक तापमान बांका जिले का रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी के कारण आम लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 

पटना के डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सोमवार को भीषण गर्मी देखते हुए स्कूलों के संचालन का नया समय निर्धारित किया। अब जिले में सुबह 10:45 बजे तक ही सभी तरह के सरकारी एवं निजी स्कूल संचालित किए जाएंगे। डीएम ने अपने आदेश में कहा है कि, इस समय से अधिक समय तक कोई भी स्कूल या आंगनबाड़ी खुली मिला तो प्रबंधक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम के आदेश के मुताबिक, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र पर भी यह आदेश मंगलवार से अगले आदेश तक लागू होगा। 

दक्षिण हिस्से वाले जिले लू की चपेट में
पटना फुलवारी शरीफ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक, सूबे के दक्षिणी हिस्से वाले जिले लू की चपेट में हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सूबे के बड़े इलाके में 29 अप्रैल तक भीषण लू चलने की आशंका है। गर्म पछुआ हवा की वजह से हीट स्टोक की संभावनाएं है। ऐसे में डॉक्टरों की सलाह है कि, खाली पेट में धूप में बिल्कुल भी नहीं निकलें। खूब पानी पिएं और संभव हो तो घर में ही रहें। 

समय पर मानसून के आने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, इस बार बिहार में मानसून समय पर आने के आसार हैं। इस समय की चिलचिलाती गर्मी ही मानसून के समय पर आने में सहायक होगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने काफी पहले ही इस साल मानसूनी बारिश को लेकर संभावना जता दी है।  

लू की चपेट में हैं यह जिले
मौसम विभाग के मुताबिक, एक दर्जन जिले लू की चपेट में हैं। इनमें पटना, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, जमुई और बांका शामिल हैं। 

सोमवार को इन जिलों में 40 पार रहा पारा
बांका-43.2, शेखपुरा-42.9, गया-42.6, पटना-42.4, रोहतास-42.8, पश्चिमी चंपारण-42.3, जमुई-42.7, बक्सर-42.4, औरंगाबाद-42.6, खगड़िया-42.7, नवादा-42.6, जीरादेई-42.1, भागलपुर-42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। 
 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर