बिहार विधानसभा चुनाव : क्‍या कांग्रेस की नैया पार लगा पाएंगे ये चर्चित चेहरे?

Congress in Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन कैसा रहेगा, इसका खुलासा तो 10 नवंबर के बाद ही हो सकेगा। इस बीच पार्टी के कई प्रत्‍याशी सुर्खियों में बने हुए हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव : क्‍या कांग्रेस की नैया पार लगा पाएंगे ये चर्चित चेहरे?
बिहार विधानसभा चुनाव : क्‍या कांग्रेस की नैया पार लगा पाएंगे ये चर्चित चेहरे?  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • कांग्रेस बिहार में महागठबंधन के साथ विधानसभा चुनाव लड़ रही है
  • गठबंधन साझीदारों में सीट बंटवारे के तहत उसे 70 सीटें मिली हैं
  • बांकीपुर से कांग्रेस प्रत्‍याशी लव सिन्‍हा की खूब चर्चा हो रही है, जो शत्रुघ्‍न सिन्‍हा के बेटे हैं

नई दिल्‍ली : बिहार में कांग्रेस, राष्‍ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और अन्‍य पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। सीट बंटवारे के तहत पार्टी को 70 सीटें मिली हैं, जहां से प्रत्‍याशी मैदान में हैं। इस चुनाव में कांग्रेस कितनी प्रभावपूर्ण उपस्थिति दर्ज करा पाती है, इसका पता तो चुनाव के बाद ही चल सकेगा, लेकिन पार्टी के कई उम्‍मीदवार हैं, जिन्‍हें लेकर चर्चा खूब रही है। यह चर्चा वोट में कितनी बदल पाएगी, इसका पता भी 10 नवंबर के बाद ही चल पाएगा, जब चुनाव परिणामों की घोषणा होगी। आइये जानें, इस चुनाव में कांग्रेस के कुछ चर्चित चेहरे कौन हैं:

संजीव सिंह : कांग्रेस प्रत्‍याशी संजीव सिंह की गिनती सबसे अमीर उम्‍मीदवारों में की जा रही है। वह वैशाली से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, जहां दूसरे चरण में 3 नवंबर को मतदान होना है। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) ने जिन 1463 प्रत्याशियों के शपथ पत्र का विश्लेषण किया है, उसके मुताबिक, सबसे अमीर प्रत्‍याशी कांग्रेस के संजीव सिंह हैं। वह 56 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं।

लव सिन्‍हा : बॉलीवुड से सियासत का रुख करने वाले लव सिन्‍हा बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्‍मीदवार हैं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे हैं। यहां से बीजेपी के नितिन नवीन भी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां बीजेपी की पकड़ रही है। लेकिन इस बार मैदान में कांग्रेस के लव सिन्‍हा के अतिरिक्‍त प्लुरल्स पार्टी की पुष्पम प्रिया भी मैदान में हैं, जिससे यहां मुकाबला दिलचस्‍प हो गया है। यहां दूसरे चरण में वोट डाले जाने जाने हैं।

शुभानंद मुकेश : भागलपुर की कहलगांव सीट से कांग्रेस ने शुभानंद मुकेश को मैदान में उतारा है। मुकेश, कांग्रेस के दिग्गज नेता व नौ बार विधायक रह चुके सदानंद सिंह के बेटे हैं। इस सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। सदानंद सिंह इस बार खुद मैदान में नहीं हैं, बल्कि उनके बेटे को कांग्रेस ने टिकट दिया है। इस सीट से बीजेपी ने पवन यादव को मैदान में उतारा है। यहां पहले चरण में 28 अक्‍टूबर को वोट डाले जाने हैं।

सुभाषिनी यादव : मधेपुरा जिले के बिहारीगंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने सुभाषिनी यादव को प्रत्‍याशी बनाया है। अपने चुनावी संबोधनों में खुद को बिहारीगंज की बेटी बताते हुए वह लोगों से जनसमर्थन मांग रही हैं। सुभाषिनी हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं। पिता शरद यादव के खराब स्वास्थ्य के बीच उन्‍होंने ने राजनीति में अपनी दावेदारी पेश की है। यहां तीसरे चरण के तहत 7 नवंबर को वोट पड़ना है।

अजीत शर्मा : अजीत शर्मा भागलपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्‍याशी हैं। पार्टी ने दो बार विधायक रह चुके अजीत शर्मा में भरोसा जताया है। यहां मुख्‍य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच नजर आ रहा है। इस सीट से अब तक कांग्रेस जीतती रही है। वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं। अजीत शर्मा के खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। उनकी संपत्ति 34 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। यहां दूसरे चरण में मतदान है।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर