Patna Gandhi Setu News: पटना को मिलेगी नई लाइफलाइन, 7 जून को शुरू होगा गांधी सेतु, जानिए क्या है खास

Patna Gandhi Setu News: पटना समेत पूरे बिहारवासियों के लिए बेहद अच्छी खबर है। उनको आवागमन के लिए एक बड़ा मार्ग मिलने वाला है। 7 मई से पटना के गांधी सेतु पर आमजन सफर कर सकेंगे।

Both lanes of Mahatma Gandhi Setu will be operational on June 7
महात्मा गांधी सेतु की दोनों लेन सात जून को होगी चालू  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • 24 साल के बाद पुल की दोनों लेन होगी चालू
  • केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री करेंगे उद्घाटन
  • 2016 के नवंबर में एजेंसी को मरम्मत का मिला था जिम्मा

Patna Gandhi Setu News:​ बिहार को एक बार फिर नई लाइफलाइन पूरी तरह सुपुर्द होगी। महात्मा गांधी सेतु की दोनों लेन पर अब फिर से गाड़ियां फर्राटा भरेंगी। करीब 24 साल बाद महात्मा गांधी सेतु की दोनों लेन पर गाड़ियों का आवागमन शुरू किया जा रहा है। सात जून को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा इस पुल का उद्‌घाटन किया जाएगा। बता दें नवंबर 2016 में पुल की मरम्मत के लिए निर्माण एजेंसी को वर्क ऑर्डर मिला था। 

पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक महात्मा गांधी सेतु की ऊपरी सतह को तोड़कर नया सुपर स्ट्रक्चर बनाना था। पश्चिमी लेन का काम 24 महीने और पूर्वी लेन का काम 18 महीने में पूरा कर लिया जाना था। कुल मिलाकर 42 महीने में दोनों लेन के सुपर स्ट्रक्चर का काम पूरा करने का लक्ष्य था। इस हिसाब से 2020 के मार्च में काम पूरा करना था, लेकिन लॉकडाउन एवं अन्य कारणों से दो साल की देरी से पुल की दोनों लेन चालू हो रही है। सात जून से अब गांधी सेतु की दोनों लेन पर गाड़ियां चलेंगी।  

अगले चार साल तक मेंटेनेंस करेंगी एजेंसी

जिस एजेंसी ने महात्मा गांधी सेतु की दोनों लेन पर सुपर स्ट्रक्चर लगाने का काम किया है, उसी को इसकी मेंटेनेंस का भी जिम्मा दिया है। कौंट्रेक्ट के मुताबिक एजेंसी को अगले चार साल तक पुल का मेंटनेंस करना होगा। बता दें गांधी सेतु का निर्माण 1982 में हुआ था। तब इसे बनाने पर 87 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। अब सिर्फ सुपर स्ट्रक्चर बदलने के लिए 1382 करोड़ रुपए खर्च किए गए। इसे लगातार चालू रखने के लिए भी 102 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। 

उत्तर बिहार से जुड़ेगा पटना

महात्मा गांधी सेतु की दोनों लेन चालू होने से राजधानी पटना से उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी सुगम हो जाएगी। अभी एक लेन चालू रहने से पुल पर हर दिन घंटों जाम लग रहा है। आधा घंटे का सफर पूरा करने में सात से आठ घंटे लग जा रहे हैं। वैकल्पिक रूट पर भी दबाव बढ़ा है। जबकि वैकल्पिक मार्ग जेपी सेतु से वाहनों के परिचालन की दूरी बढ़ जाती है। यह पुल व्यावसायिक दृष्टकोण से भी काफी अहमियत रखता है। ऐसे में गांधी सेतु की दोनों लेन चालू होने से व्यावसायिक गतिविधियां तेज होंगी। व्यापारियों को बड़े स्तर पर इसका लाभ मिलेगा। 
 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर