Patna Surveillance Team Raid : प्रखंड पदाधिकारी निकला करोड़पति, छापेमारी में 12 लाख कैश, 1 किलो सोना बरामद

Patna Surveillance Team Raid : बिहार में भ्रष्ट अधिकारी-पदाधिकारियों के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई जारी है। मुजफ्फरपुर का प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के यहां छापा पड़ा है। हाल में पटना-भागलपुर में भी छापेमारी हुई थी।

Surveillance Team Raid
निगरानी टीम ने की छापेमारी, पदाधिकारी पर दर्ज हुआ केस  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • निगरानी विभाग ने की पदाधिकारी पर कार्रवाई
  • प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी पर दर्ज हुआ केस
  • बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ चल रहा है अभियान

Patna Surveillance Team Raid : पटना की आर्थिक अपराध इकाई ने शनिवार को मुजफ्फरपुर मुसहरी ब्लॉक के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ) प्रमोद कुमार के अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारा। छापेमारी कर रही टीम के मुताबिक, अब तक 12 लाख नगद और एक किलो सोने के गहने मिले हैं। निगरानी की टीम द्वारा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के मुजफ्फरपुर स्थित आवास, सरकारी कार्यालय और शहर के एक सुपर मार्केट में छापेमारी की गई। इससे पूरे जिले के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा है।

निगरानी टीम के अधिकारी के मुताबिक, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग कर करोड़ों की संपत्ति बनाई है। मुजफ्फरपुर शहर के मिठनपुरा स्थित ग्रैंड मॉल में करीब डेढ़ करोड़ रुपये से दो दुकान खरीदी है। दोनों दुकान पत्नी के नाम पर खरीदी। उसमें अपने नाम की जगह ससुर का नाम दे दिया है।

30 मार्च को पटना थानेदार के यहां हुई थी छापेमारी
राजधानी पटना के रानी तालाब के तत्कालीन थानेदार के यहां निगरानी की टीम ने 30 मार्च को छापा मारा था। टीम को इनकी आय से 61.28 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिली थी। तत्कालीन थानाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने बालू माफियाओं से साठ-गांठ कर अवैध संपत्ति अर्जित की थी। निगरानी की तीन टीम ने इनके पटना स्थित आवास और कार्यालय और पैतृक गांव भोजपुर जिले के कुल्हड़िया स्थित घर में छापेमारी की थी। इस दौरान आठ लाख रुपए नगद और जमीन के कई कागजात मिले थे।

नवंबर से ही चल रहा अभियान
बता दें, बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों, पदाधिकारियों के खिलाफ नवंबर 2022 से ही कार्रवाई की जा रही है। पिछले पांच महीनों में दो दर्जन से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों-पदाधिकारियों पर निगरानी टीम ने शिकंजा कसा है। अब तक करोड़ों रुपए की अवैध तरीके से कमाई संपत्ति को निगरानी विभाग ने जब्त किया है। निगरान विभाग की टीम का कहना है कि, लोग भ्रष्ट अधिकारियों के बारे में बेखौफ होकर शिकायत करें। पटना स्थित कार्यालय में अपनी शिकायत कर सकते हैं। शिकायतकर्ता पहचान गुप्त रखी जाएगी।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर