होनहार बच्चा! बिहार के सीएम से पढ़ाई के लिए मदद मांगने वाले सोनू की मदद को आगे आईं गौहर खान

Bihar Boy Viral Video: बिहार के मुख्यमंत्री नी​तीश कुमार शनिवार को अपनी दिवंगत पत्नी मंजू सिन्हा की पुण्यतिथि पर नालंदा के कल्याण विगहा में पहुंचे थे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इसी दौरान 12 वर्षीय सोनू कुमार ने सीएम से कहा, सर एक बार हमारी बात सुनिए। हम पढ़ना चाहते हैं।

Bihar Boy Viral Video
पढ़ाई के लिए मदद मांगने वाले सोनू की मदद के लिए एक्ट्रेस, मॉडल गौहर खान आई सामने  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • बिहार का 12 वर्षीय सोनू पढ़ना चाहता है इंग्लिश मीडियम स्कूल में
  • सीएम नी​तीश कुमार से की गुजारिश
  • मॉडल गौहर खान मदद करने को आईं आगे

Bihar Boy Viral Video: बिहार का 12 साल का एक बच्चा इन दिनों देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बच्चे का नाम है सोनू, जो अपनी पढ़ाई के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मदद मांग रहा है। इस दौरान वह निडरता से अपनी स्थिति से भी उन्हें अवगत करवाता है, साथ ही सरकारी स्कूलों के हालात भी बयां करता है। जैसे ही ये वीडिया सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोग इस बच्चे की हिम्मत और पढ़ाई के प्रति लगन देख उसके कायल हो गए। 

इसी कड़ी में अब अभिनेत्री और मॉडल गौहर खान का नाम भी जुड़ गया है। सोमवार को गौहर ने ट्वीट कर इस बच्चे की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, कितना होनहार बच्चा है! मुझसे इसका संपर्क करवाएं, मैं इसकी पढ़ाई का खर्च उठाऊंगी। ये बच्चा शानदार है। उसके पास दूरदर्शिता है, उसका भविष्य अच्छा है। गौहर खान की इस पहल की सभी तारीफ कर रहे हैं। कुछ ही मिनटों में हजारों लोग इस ट्वीट को लाइक और रीट्वीट कर चुके हैं। 

ये है पूरा मामला 

दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री नी​तीश कुमार शनिवार को अपनी दिवंगत पत्नी मंजू सिन्हा की पुण्यतिथि पर नालंदा के कल्याण विगहा में पहुंचे थे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इसी दौरान हरनौत प्रखंड के नीमा कोल में रहने वाले रणविजय यादव के 12 वर्षीय बेटे सोनू कुमार ने सीएम से कहा, सर एक बार हमारी बात सुनिए। इस छोटे से बच्चे का आग्रह सीएम नी​तीश भी नहीं टाल पाए और वहीं रुक गए। सोनू ने निडरता से सीएम से कहा कि, सर हम पढ़ना चाहते हैं, लेकिन हमारा परिवार हमें अच्छे स्कूल में पढ़ा नहीं रहा है। पिता शराब पीते हैं। ऐसे में हम सरकारी स्कूल जाते हैं, जहां पढ़ाई ठीक से नहीं होती। सोनू का यह वीडिया सोशल मीडिया पर जैसे ही वायरल हुआ उसकी हिम्मत और मासूमियत लोगों का दिल छू गई। सोनू ने साफ कहा कि, सरकारी स्कूलों के हाल खराब हैं, यहां टीचर अंग्रेजी पढ़ा नहीं पाते। इसलिए वह अच्छे स्कूल में जाना चाहता है। जिसके बाद सीएम ने उसे मदद का आश्वासन दिया।  

12 साल की उम्र में लेता है बच्चों का ट्यूशन 

सोनू ने बताया कि, उसके पिता दही बेचने का काम करते हैं। लेकिन जो भी कमाई होती है, उसकी शराब पी जाते हैं। परिवार चलाने के लिए वह छोटी क्लास के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता है, लेकिन वो रुपए भी पिता शराब पीने के लिए ले लेते हैं। सोनू इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ना चाहता है।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर