Government Employees Dearness Allowance: बिहार में सरकारी कर्मियों का बढ़ा महंगाई भत्ता, वेतन-पेंशन में भी वृद्धि

Government Employees Dearness Allowance: बिहार सरकार ने कैबिनेट की बैठक में सरकारी कर्मचारियों को लेकर बड़ा निर्णय लिया। सरकार ने बढ़ रही महंगाई के मद्देनजर कर्मचारी का महंगाई भत्ता, वेतन और सेवानिवृत्त कर्मियों की पेंशन बढ़ाने का फैसला किया है।

Dearness Allowance of Government Employees
बिहार में सरकारी कर्मियों का बढ़ा महंगाई भत्ता, वेतन-पेंशन में भी वृद्धि  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • नीतीश कैबिनेट ने लिया फैसला
  • एक जनवरी 2022 से कर्मियों को मिलेगा लाभ
  • लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच बड़ी राहत मिली

Government Employees Dearness Allowance: सरकार के फैसले के मुताबिक, सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत का इजाफा किया गया है। अब तक कर्मचारियों को 31 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा था। अब इसमें वृद्धि के बाद कर्मचारियों को 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। 

4 लाख से अधिक कर्मचारी होंगे लाभान्वित
इस बारे में कैबिनेट के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार ने जानकारी दी कि, 1 जनवरी 2022 से राज्य कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता लागू किया जा रहा है। राज्य सरकार के इस निर्णय से चार लाख से अधिक कर्मचारी और साढ़े तीन लाख पेंशनधारियों को लाभ मिलेगा। इस प्रस्ताव के मंजूर होने के बाद सरकार पर सालाना 1,133 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ बढ़ जाएगा।

आकस्मिकता कोष बढ़कर हुआ 9,500 करोड़ का
वित्त विभाग के प्रस्ताव के बाद बिहार आकस्मिकता निधि जो 350 करोड़ थी, उसे अगले साल के 23 मार्च तक के लिए अस्थायी रूप से बढ़ाकर 9,500 करोड़ रुपये करने की स्वीकृति दी गई है।

हाल में केंद्रीय कर्मचारियों का भी बढ़ा है महंगाई भत्ता
बता दें, बिहार सरकार से पहले झारखंड सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि की है। वहीं, केंद्र सरकार ने मार्च के अंतिम हफ्ते में केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा दिया है। केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों का 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाया है। इसका लाभ 48 लाख कर्मचारियों को मिलेगा। वहीं, 68 लाख पेंशनधारी भी लाभान्वित होंगे। केंद्र सरकार ने भी इसे 1 जनवरी 2022 से लागू किया है। 


पिछले साल भी 3 प्रतिशत बढ़ा था महंगाई भत्ता
नीतीश सरकार ने पिछले साल भी कर्मचारियों का तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाया था। नवंबर में कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। 2021 में 1 जुलाई से सरकारी कर्मचारियों का इसका लाभ दिया गया था। तब 28 प्रतिशत कर्मचारियों का महंगाई भत्ता था, जो बढ़कर 31 प्रतिशत हो गया था। 
 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर