Patna: बिहार में एक चिंगारी से 8 घर स्वाहा, मां के सामने जिंदा जल गई मासूम, जानिए कैसे हुई ये खौफनाक घटना

Patna Fire Accident: भरथुआ गांव में एक चिंगारी से आठ घर स्वाहा हो गए। मां के सामने 12 साल की बेटी जिंदा जल गई। वहीं 5 पशु भी आग की भेंट चढ़ गए। कई लोगों के तो ना घर बचे ना गुजारे के लिए रूपए। घटना में करीब 10 लाख का नुकसान हो गया।

Patna Fire Accident
गांव भरथुआ में 8 घर जले, 1 की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • 12 साल की बेटी को बचाने के लिए मां चीखती रही
  • चूल्हे से निकली चिंगारी ने आठ घर फूंक डाले
  • एक मासूम सहित 5 पशु आग में जिंदा जल गए

Patna Fire Accident: बिहार के मुजफ्फरपुर इलाके के एक गांव में दिल दहला देने वाली आगजनी की घटना सामने आई है। जिसमें एक मां के सामने 12 साल की मासूम बेटी आग में जिंदा जल गई। वहीं 5 पशु भी जलकर खाक हो गए। घटना रविवार देर रात्रि को औराई थाना इलाके के गांव भरथुआ गांव की है। दरअसल एक घर में खाना बनाने के बाद निकली चिंगारी से गांव में एक-एक करके आठ घर स्वाहा हो गए। इस बीच एक घर में 12 साल की मासूम आग की लपटों से घिर गई।

उसने मां को आवाज लगाई। जिस पर मां उसे बचाने के लिए आग में जाने लगी मगर लपटों की आंच इतनी तेज थी कि, वह बेटी का नहीं बचा सकी। मासूम मां की आंखों के सामने जिंदा जल गई। घटना के चलते गांव में पांच मवेशी भी आग की भेंट जिंदा चढ़ जल गए। आगजनी की इस घटना से गांव में  चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मगर सुबह तक पुलिस गांव में नहीं पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि, कुछ पुलिस के जवान पहुंचे थे। मगर दमकल विभाग की गाड़ी आग बुझाने सुबह तक गांव में नहीं आई। सब कुछ जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक घटना में 10 लाख का नुकसान हो गया। वहीं आग में झुलसी मृतक की शिनाख्त 12 वर्षीय रूक्मणी के तौर पर हुई है। 

चूल्हे से निकली थी चिंगारी

घटना के प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण प्रभु शंकर के मुताबिक, घर में रविवार रात्रि को खाना बनाने के बाद आग बुझा दी गई थी। इसके बाद ना जाने कैसे एक चिंगारी ने तेज हवा के कारण आग का विकराल रूप ले लिए। आसपास के आठ घास फूस के घर उसकी चपेट में आ गए। मृतका विमल साह के परिजन तो घर से बाहर निकलने में सफल हो गए। मगर उसकी बेटी रूक्मणी (12) अंदर आग की लपटों में घिर गई। चीख पुकार सुन लोग उसे बचाने गए मगर आग इतनी भयानक थी कि, कोई अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका और मासूम सबके सामने जिंदा जल गई। बेटी की मौत के गम में मां शिला का रो- रो कर बुरा हाल है। आग की भेंट चढ़े गांव में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीण सकते में हैं। 

10 लाख की संपत्ति आग में स्वाहा

ग्रामीणों के मुताबिक गांव में हुई आगजनी से जले आठ घरों में करीब 10 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। ग्रामीण महिला के बेटे की शादी को लेकर जुटाए गए एक लाख नकद, ज्वेलरी व महंगे कपड़े जल गए। इसी तरह ग्रामीण विनोद साह, राजकुमार, जतन व विमल के घर फूंकने के चलते नुकसान हुआ है। मजदूरी करने वाले ग्रामीणों के चेहरों पर मायूसी छाई है।
 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर