Patna Murder News: पटना में किसान को पहले मारी गोलियां, फिर ट्रैक्टर से कुचला, जानें आखिर क्या है हत्या की वजह

Patna Police: राजधानी के बाढ़ क्षेत्र में किसान की हत्या कर दी गई है। घटना पंडारक प्रखंड की ग्वासा शेखपुरा पंचायत की है। मृतक की पहचान मीराचक गांव निवासी महेंद्र यादव के रूप में हुई है। वारदात से गांव में दहशत का माहौल है। जबकि परिवार वालों का रो-रोकर बुरा है।

Farmer plowing the field murdered in Patna
पटना में खेत की जुताई कर रहे किसान की हत्या  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • खेत की जुताई करने के दौरान अपराधियों ने गोली मारी
  • वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए
  • चार साल पहले महेंद्र के बेटे की हुई थी हत्या, वह गवाह थे

Patna Murder News: खेत में जुताई कर रहे किसान की अपराधियों ने निर्मम हत्या कर दी है। अपराधियों ने पहले किसान को गोली मारी। इसके बाद उस पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फिर अपराधी किसान का ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। घटना बाढ़ की ग्वास शेखपुरा पंचायत के मीराचक गांव की है। यहां बुधवार की देर रात किसान महेंद्र यादव खाना खाकर खेत की जुताई करने गए थे। 

वारदात की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेना चाहा तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों का कहना था कि वरीय अधिकारी के आने पर ही पुलिस को शव ले जाने देंगे। लोगों का कहना है कि पुलिस जल्द से जल्द हत्या को अंजाम देने वाले लोगों को गिरफ्तार करे। 

शरीर में मिले हैं दो गोली के निशान

वारदात के बाबत थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार का कहना है कि चार साल पहले महेंद्र के बेटे की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में महेंद्र गवाह थे। अब इनकी हत्या हो जाने पर परिवार वालों ने अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं करवाई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। महेंद्र के शरीर पर दो गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस हत्या का कारण स्पष्ट करने में जुटी

पुलिस अब महेंद्र की हत्या का कारण स्पष्ट करने में जुटी है। महेंद्र अपने बेटे की हत्या मामले में गवाह थे, जिस वजह से उनकी हत्या की गई या फिर ट्रैक्टर चोरी करने के लिए यह स्पष्ट करने में पुलिस लगी है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर चोरी भी बड़ी वजह हो सकती है। खेत से मोटर चोरी समेत तमाम चीजों की चोरी पहले भी होती रही है। ऐसे में आशंका है कि ट्रैक्टर के लिए चोरों ने महेंद्र को मार डाला हो। अब पुलिस के लिए उस ट्रैक्टर को बरामद करना चुनौती है। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर