Patna Police: पटना के इस आर्मी जवान को भारी पड़ गई दबंगई, धुत होकर करता था फायरिंग, अब हुआ ये हाल

Patna Police: बिहार की राजधानी पटना में एक आर्मी जवान को अपने मोहल्ले में दबंगई करना महंगा साबित हो गया। गलत ढ़ंग से फायरिंग की शिकायत पर पुलिस उसके घर पहुंची तो उसके घर हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। पुलिस आर्मी जवान को जेल भेजने की तैयारी कर रही है।

Patna Police
पटना में आर्मी जवान नशे में करता था फायरिंग (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • पटना में फायरिंग कर फंस गया फौजी
  • घर से बरामद हुआ हथियारों का जखीरा
  • पुलिस ने घर से ही किया गिरफ्तार

Patna Police: नशे में धुत्त होकर एक आर्मी जवान को अपने मोहल्ले में दबंगई भारी पड़ गई। दरअसल, यह शख्स अक्सर शराब के नशे में अंधाधुंध फायरिंग करता था। साथ ही इसी नाम पर पड़ोस के लोगों को भी डराता था। बीते दिन भी चंचल ओझा नामक इस जवान ने हरनीचक शिव मंदिर के पास फायरिंग की जिसमें एक गोली रिटायर्ड दारोगा अजीत कुमार सिंह के घर में लग गई। फायरिंग की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जवान को गिरफ्तार कर लिया। सबसे चौंकाने वाली बात उस समय हुई, जब दारोगा के घर से हथियारों का जखीरा पुलिस को हाथ लगा।  

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला दानापुर इलाके का है। गिरफ्तार हुआ जवान वर्तमान में अमरनाथ में कार्यरत है और छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ है। पुलिस ने आर्मी जवान के घर से पुलिस को हथियारों का जखीरा बरामद किया है। गिरफ्तारी से पहले पुलिस अवैध तरीके से फायरिंग की शिकायत पर जवान के घर पहुंची थी। जिसके बाद पुलिस ने घर में छापेमारी की तो अवैध हथियार रखे हुए मिले। पुलिस ने सभी हथियारों को कब्जे में ले लिया है। इन हथियारों में दो देसी कट्टे, रिवाल्वर, डीबीबीएल गन, 90 जिंदा कारतूस और 44 खोखे शामिल हैं। 

शराब पीकर करता था फायरिंग 

स्थानीय लोगों ने चंचल को लेकर बताया कि, वह शराब पीकर अंधाधुंध फायरिंग करता था। कोई कुछ कहे तो उसे भी धमकी देता था। पुलिस के सामने जवान ने कबूल किया कि आर्मी में रहते हुए उसने कभी देसी कट्टा नहीं चलाया था, इसी वजह से चलाकर चेक कर रहा था। हालांकि, पुलिस आर्मी जवान की थ्योरी को नहीं मान रही है। साथ ही उसके हथियारों के लाइसेंस का सत्यापन कर रही है। आर्मी जवान से पता लगाया जा रहा है कि वह अवैध हथियार कहां से लाया। पुलिस को ये भी शक है कि कहीं यह हथियारों का सप्लायर तो नहीं है। फिलहाल जांच चल रही है। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर