Patna Police: वाह री पटना पुलिस! सोते रहे पुलिस वाले और हथकड़ी खोलकर थाने से भागा हत्या की कोशिश का आरोपी

Patna News: पटना में एक तरफ हत्या एवं अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है तो दूसरी तरफ अपराधी थाने से भाग कर जा रहे हैं। मामला बिहटा का है। यहां सोमवार की देर रात हत्या की कोशिश करने के मामले का एक अभियुक्त थाना परिसर से हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

307 accused ran away from police station in Patna
पटना में थाने से भाग गया 307 का अभियुक्त   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • बिहटा थाना परिसर से हथकड़ी सरकाकर भागा है अपराधी
  • अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही पुलिस टीम
  • फरार हत्या आरोपी की पहचान आनंदपुर गांव निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है

Patna Police: पटना पुलिस कितनी चुस्त है, उसकी पोल सोमवार की देर रात खुल गई। बिहटा थाना परिसर में पुलिस कर्मी सोते रहे और हत्या की कोशिश के मामले का अभियुक्त हथकड़ी सरकाकर भाग निकला। अब उसकी दोबारा गिरफ्तारी पुलिस कर्मियों के लिए चुनौती बन गई है। पुलिस की टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए कल रात से ही छापेमारी कर रही है। मामला शहर के बिहटा का है। दरअसल, मारपीट के मामले में कुछ महीने पहले 307 की धारा के तहत उसे गिरफ्तार किया गया था। 

थाना परिसर से भागे इस अभियुक्त की पहचान बिहटा के आनंदपुर गांव निवासी अवधेश कुमार सिंह के बेटे राजेश कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने धारा 307 के मामले में उसे न्यायिक हिरासत में भेजा था, लेकिन देर होने के कारण कोर्ट में उपस्थित नहीं हो सका था। इस कारण से उसे वापस थाना लगाया गया था। यहां उसे हाजत में रखा गया था। 

तबीयत बिगड़ने पर हाजत से दूसरे रूम में लाए थे पुलिस वाले

बताया जा रहा है कि, हाजत में गर्मी अधिक होने की वजह से अभियुक्त की तबीयत बिगड़ गई थी। इस पर उसे दूसरे कमरे में लाया गया था। मौका मिलते ही अपराधी हाथ की हथकड़ी को सरकाकर एवं पुलिस कर्मियों को चकमा देकर थाने से फरार हो गया। इस बारे में सिटी एसपी राजेश कुमार का कहना है कि, मामले की जानकारी मिली है। जल्द ही फरार अभियुक्त को दबोच लिया जाएगा। 

पहले भी हाजत से भागे हैं अपराधी

बिहार में थाने से अपराधियों के भागने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार अपराधी थाना परिसर से फरार हो चुके हैं। पिछले साल जून में सुपौल जिले से पशु तस्करी के आरोप में गिरफ्तार दो अभियुक्त हाजत से भाग गए थे। यह दोनों हाजत के वेंटिलेशन के माध्यम से भाग निकले थे। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर