Patna Weather : पटना का तापमान और बढ़ेगा, अगले इतने घंटे बेहद अहम, स्कूलों के समय में भी हुआ यह बदलाव

Patna Weather : राजधानी के तापमान में बढ़ोतरी होती ही जा रही है। इस सीजन का सबसे गर्म दिन रविवार रहा। इस दिन पारा एक नये रिकॉर्ड पर पहुंच गया।

Heat Wave In Patna
पटना में मौसम विभाग ने 9 जिलों में जारी किया अलर्ट (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • पटना समेत 38 जिलों में अभी राहत की उम्मीद नहीं
  • एक से पांच डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान
  • 20 अप्रैल के बाद कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना

Patna Weather : पटनावासियों को अभी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। रविवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। इस दिन अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सूबे में सबसे गर्म बक्सर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। वहीं, अररिया में सबसे कम पारा 37.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सूबे के 21 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग ने अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर समेत 9 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इनके अलावा पटना, नालंदा, गया समेत 10 जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 

48 घंटे तक नहीं मिलेगी राहत
पटना फुलवारी शरीफ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पटना समेत 38 जिलों में अगले 48 घंटे तक गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। जबकि इस अवधि में एक से पांच डिग्री तक तापमान बढ़ने की आशंका है। 19 अप्रैल की देर रात से मौसम में कुछ बदलाव संभव है। 20 अप्रैल से उत्तर बिहार की कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं, जिसका असर पटना में भी देखने को मिलेगा।    

गर्म पछुआ और उत्तर-पछुआ हवा चल रही
फिलहाल पटना में गर्म पछुआ और उत्तर पछुआ हवा चल रही है। इसका प्रभाव जमीनी सतह से डेढ़ किलोमीटर ऊंचाई तक है। इस कारण से हवा में नमी खत्म हो गई है। इससे मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग ने अपनी चेतावनी में कहा है कि, पटनावासी नींबू पानी पीएं, नारियल, लस्सी, ओआरएस का घोल पीएं। सबसे अहम बात धूप में निकलने से बचें और सूती कपड़े पहनें। 

आज से बदल गया स्कूलों का समय
आज से सभी स्कूल सुबह 11.45 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर कुमार के आदेश पर स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। राजधानी में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया था। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर