Bihar: प्राइमरी स्कूलों में निकली हेड मास्टर के लिए 40506 पदों पर भर्ती, जानें क्या है वेतनमान

Patna News: बिहार लोक सेवा आयोग ने प्राइमरी स्कूलों में प्रधान शिक्षक की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके तहत 40,506 हेड मास्टर की भर्ती होगी। इसके लिए 28 मार्च से 22 अप्रैल के बीच आवेदन किए जा सकेंगे।

government jobs for teachers
प्राइमरी स्कूलों में निकली भर्ती (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक उत्तीर्ण अनिवार्य
  • दो घंटे की समयवाधी में 150 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
  • पंचायत प्रारंभिक शिक्षक / नगर प्रारंभिक शिक्षक के मूल कोटि के पद पर न्यूनतम आठ वर्ष की लगातार सेवा का अनुभव जरूरी

Bihar Jobs: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के द्वारा प्राइमरी स्कूलों में 40,506 पदों पर हेड मास्टर की भर्ती निकाली गई हैं। इस पद के लिए 28 मार्च 2022 से ऑनलाइन आवेदन भरे जाएंगे। वहीं आवेदन भरने की अंतिम तारीख 22 अप्रैल 2022 तय की गई है। इससे पूर्व आयोग के द्वारा राज्य के हायर सेकेण्डरी स्कूलों में प्रधानाध्‍यापक हेतु 6421 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया गया था। आवेदन करने वाले इच्छुक व योग्य उम्मीदवार bpsc.bih.nic.in पर जाकर पूरी जानकारी ले सकते हैं।

ये होंगे आवश्यक शैक्षणिक अहर्ता

इस पद पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की शैक्षणिक अहर्ता किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक उत्तीर्ण रखी गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, महिला तथा आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग के लिए न्यूनतम निर्धारित अंक में 0.5 फीसदी की छूट प्रदान की जाएगी। मौलाना मजहरुल हक अरबी व फारसी विश्वविद्यालय पटना, बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड द्वारा दी जाने वाली आलिम की डिग्री तथा कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा शास्त्रीय की डिग्री को स्नातक के समतुल्य ही माना जाएगा। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त संस्थान से डिएलएड/ बीटी/ बी.एड./ बीएससी एड/ बीएल एड उत्तीर्ण होना जरूरी है। वर्ष 2012 या उसके पश्चात नियुक्त शिक्षक के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा में उत्तीर्ण हों और 2012 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी होगा।

दो घंटे में होगी 150 अंकों की लिखित परीक्षा

सलेक्शन के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगा। लिखित परीक्षा 150 नंबरों की होगी। यह परीक्षा वस्तुनिष्ठ तथा बहुविकल्पीय होगी। इसमें सामन्य अध्ययन 75 नंबर और डीएलएड विषय के 75 नंबर के होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक नंबर जोड़ा जाएगा और प्रत्येक गलत जवाब के लिए 0.25 नंबर काटा जाएगा। इस परीक्षा के लिए दो घंटे का समय तय किया गया है।

न्यूनतम 8 वर्षों का अनुभव जरूरी

पंचायती राज संस्थाओं तथा नगर निकाय संस्था के अंतर्गत पंचायत प्रारंभिक शिक्षक / नगर प्रारंभिक शिक्षक के मूल कोटि के पद पर न्यूनतम आठ वर्ष की लगातार सेवा का अनुभव होना चाहिए। पंचायती राज संस्था और नगर निकाय संस्था अंतर्गत स्नातक शिक्षक जिनकी सेवा संपुष्ट हो, वहीं इसके लिए योग्य होंगे।

अधिकतम 60 वर्ष है आयु सीमा

बिहार सरकार पंचायती राज संस्थान के द्वारा तथा नगर निकाय संस्थान के अंतर्गत कार्यरत शिक्षक के लिए न्यूनतम व अधिकतम उम्र की सीमा अलग से तय नहीं की जाएगी, लेकिन अधिकतम उम्र की सीमा 1-08-2021 तक सेवा निवृति की उम्र जो 60 वर्ष निर्धारित है उससे अधिक नहीं होनी चाहिए।

ये होगा वेतनमान

इस पद के लिए वेतनमान प्रारंभिक वेतन ₹30,500 तथा राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले वेतन पुनरीक्षण के आलोक में परिवर्तनीय होंगे। इस पद हेतु और अधिक जानकारी आयोग के आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकता है।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर