Patna Robbery News: पटना में महिला पार्षद के घर डाका, बंधक बनाकर 25 लाख रुपए डकैती, जानें पूरा मामला

Patna Police: राजधानी में एक महिला पार्षद के घर 25 लाख रुपए का डाका डाला गया है। पार्षद के बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर बदमाशों ने चोरी को अंजाम दिया है। बदमाश नगदी और जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।

25 lakh robbery in ward councilors house
वार्ड पार्षद के घर में 25 लाख की डकैती  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • फतुहा नगर परिषद की वार्ड पार्षद रंभा देवी के घर हुई डकैती
  • पार्षद के गोविंदपुर बाजार स्थित घर में घुसे थे डकैत
  • 10 लाख रुपए और 15 लाख के आभूषण ले गए हैं बदमाश

Patna Robbery News: पटना क्षेत्र अंतर्गत फतुहा नगर परिषद की वार्ड पार्षद के घर में डकैती हुई है। वार्ड पार्षद रंभा देवी के गोविंदपुर बाजार स्थित घर में शुक्रवार की देर रात 2 बजे बदमाशों ने डाका डाला है। बदमाशों ने वार्ड पार्षद के दोनों छोटे बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर डकैती को अंजाम दिया है। बच्चों को गोली मारने की धमकी देकर डकैत 10 लाख रुपए और 15 लाख के जेवरात लेकर फरार हो गए। पार्षद की सूचना पर पुलिस उनके घर पहुंची और छानबीन की।   

पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक पार्षद का दो मंजिला मकान है। वह अपने दोनों बच्चों के साथ पहले तल पर सोईं थीं। रात को घर में कुछ आवाज सुनकर वह कमरे के बाहर आईं। जब वह कमरे के बाहर आईं तो पांच बदमाश दिखे। बदमाशों ने अपनी गोद में दोनों बच्चों को उठा लिया और उनकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी। इसके बाद कहा कि बच्चों को जिंदा देखना चाहती हो तो पैसे और गहने दे दो। बच्चों की सलामती के लिए पार्षद ने रुपए और गहने निकाल उन्हें दे दिया। 

बदमाशों ने आलमारी और दीवान खोलकर देखा

पार्षद द्वारा रुपए और गहने दे देने के बाद भी बदमाशों ने उनके कमरे की आलमारी और दीवान खोल-खोलकर देखा। रुपए और गहने मिलते ही सभी बदमाश वहां से भाग निकले। तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी। वहीं, पार्षद के घर में डकैती से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा।

पति की मौत पर बीमा के मिले थे रुपए

वार्ड पार्षद ने बताया कि उनके पति विनय भूषण की मौत के बाद बीमा के पैसे मिले थे। इसके अलावा उनके गहने थे। पार्षद ने बताया कि सड़क दुर्घटना में उनके पति की मौत हो गई थी। अब उनके घर डकैती डालकर बदमाश सबकुछ लेकर चले गए। वहीं, पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनकी निशानदेही पर लूट के रुपए और गहनों को भी बरामद कर लिया जाएगा। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर