Bihar Tourism: देश भर के एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशनों पर दिखेगी बिहार की तस्वीर, पर्यटन विभाग ने तैयार की रूपरेखा

पटना समाचार
Updated Apr 08, 2022 | 12:45 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Bihar Tourism: बिहार के पर्यटन स्थलों को देश के सामने लाने की तैयारी कर ली गई है। खासतौर पर नई पीढ़ी को यहां के पर्यटन स्थलों से रूबरू कराया जाएगा।

Bihar Tourism
बिहार के पर्यटन स्थल अब देश भर में छाएंगे  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • पर्यटन विभाग ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लिया निर्णय
  • देश के अलग-अलग प्रमुख स्थलों पर भी किया जाएगा प्रचार
  • होर्डिंग्स एवं शॉर्ट फिल्म के माध्यम से लोगों को कराएंगे अवगत

Bihar Tourism: सूबे के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अब देश भर के एयरपोर्ट एवं मेट्रो स्टेशनों पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग ने रूपरेखा तैयार कर ली है। विभागीय अधिकारी ने बताया कि विभाग मेट्रो स्टेशनों और एयरपोर्ट पर सूबे के प्रमुख पर्यटनों स्थलों को प्रचार करेगा। इसके लिए वहां समय-समय पर वीडियो क्लिक चलेंगे। बैनर और होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। 

अधिकारियों के अनुसार कोरोना संक्रमण की वजह से सूबे में पर्यटन क्षेत्र काफी पिछड़ा है। यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या काफी कम हो गई है। 2020 और 2021 में बेहद कम पर्यटक यहां आए। इसको देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नए वित्तीय वर्ष में पर्यटकों की संख्या में काफी इजाफा करना लक्ष्य है। 

एक शॉर्ट फिल्म बनवाएगा विभाग
पर्यटन विभाग के अधिकारी ने बताया कि पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए एक शॉर्ट फिल्म भी बनवाई जाएगी। इस शॉर्ट फिल्म में सूबे के प्रमुख स्थलों को खूबसूरती से दिखाया जाएगा। ताकि लोग बिहार आने के ललायित हों। इस शॉर्ट फिल्म को एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशनों पर चलवाया जाएगा। विशेष तौर पर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता एयरपोर्ट पर इस शॉर्ट फिल्म का प्रसारण किया जाएगा। 

पर्यटन के क्षेत्र में बिहार को बनाना है ब्रांड
पर्यटन विभाग के अधिकारी ने कहा कि देश भर में बिहार को पर्यटन के क्षेत्र में एक ब्रांड बनाना है। इसके लिए अलग-अलग पर्यटन परिपथों को चिह्नित कर लिया गया है। अब इन्हें बारी-बारी से विकसित किया जा रहा है। इनमें प्रमुख रूप से बौद्ध परिपथ, रामायण परिपथ, सूफी परिपथ, जैन परिपथ, गुरु परिपथ, शिव कांवरिया परिपथ, गांधी परिपथ शामिल हैं। अधिकारी ने कहा कि बोधगया में 95.61 लाख रुपए से पर्यटन सूचना केंद्र को विकसित किया गया है। 

इन परिपथों का भी किया गया विकास
बोधगया में ही 13.161500 करोड़ रुपए से एक राजकीय अतिथि गृह भी बनवाया गया है। इसके अलावा रज्जू मार्ग और राजगीर के आसपास के क्षेत्रों को विकसित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री के विशेष पैकेज के तहत जैन परिपथ को विकसित किया गया है। मंदार पर्वत एवं अंग प्रदेश का भी विकास किया जा रहा है। गांधी परिपथ विकसित किया जा चुका है।    
 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर