Prayagraj News: प्रयागराज में मकानों पर भगवा रंग पोते जाने पर विवाद, यूपी के मंत्री पर लगा आरोप

प्रयागराज शहर के बहादुरगंज इलाके में मकानों को जबरदस्ती गेरुआ रंग से पोतने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। लोगों ने इसके लिए यूपी के मंत्री गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को जिम्मेदार ठहराया है।

Prayagraj Yogi's mantri Nand Gopal Gupta gets area painted saffron, locals lodge FIR alleging high handedness
प्रयागराज में मकानों पर गेरुआ रंग पोते जाने पर विवाद 
मुख्य बातें
  • प्रयागराज शहर के बहादुरगंज इलाके में मकानों को जबरदस्ती गेरुआ रंग से पोता गया
  • यूपी सरकार में मंत्री गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ पर लगा जबरन रंग पुतवाने का आरोप
  • मंत्री ने दी सफाई, विरोध को बताया राजनैतिक, कहा- सौन्दर्यीकरण का कार्य जारी है

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर प्रयागराज शहर के बहादुरगंज इलाके में मकानों को जबरदस्ती गेरुआ रंग से पोतने का आरोप लगाया गया है। प्रयागराज के निवासियों ने इसके लिए राज्य सरकार के मंत्री गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और उनके लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि यूपी के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता उर्फ ​​नंदी ने 12 जुलाई को प्रयागराज के बहादुर गंज इलाके में अपने क्षेत्र को भगवा रंग में रंग कर अपना जन्मदिन मनाया।

दर्ज हुई एफआईआर

कई लोगों ने आरोप लगाया कि मंत्री के आदमियों ने यह सुनिश्चित किया कि कुछ स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद हर घर में भगवा और उनके बाहरी रंग में रंगे देवी-देवताओं के चित्र उकेरे जाएं।  पशु चिकित्सा अधिकारी जीवन चंद की ओर से रविवार को कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है, ‘‘अभिलाषा गुप्ता और गोपाल गुप्ता द्वारा भेजे गए 15-20 लड़कों ने जबरदस्ती हमारे घर को गेरुआ रंग से पोत दिया और मुझे घसीटकर मारा एवं मेरी पत्नी सुनिति श्रीवास्तव के साथ गाली गलौज की।’ जीवन चंद की इस तहरीर में अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 504, 323 और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मंत्री बोले- यह सौंदर्यीकरण का काम,सपा कर रही है विरोध

वहीं इस घटना पर हुए विवाद पर सफाई देते हुए कैबिनेट मंत्री गोपाल गुप्ता, नंदी ने कहा, 'आपको दिख रहा है कि ये भगवा है? कही पीला है कहीं हरा है। रामदरबार की फोटो है। कहीं सीता जी की साड़ी लाल रंग की है। जो शंकर जी छाल है वो चॉकलेटी कलर की है। कुछ लोगों को सौन्दर्यीकरण पंसद नहीं आ रहा है, विकास विरोधी लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। दूसरा कुछ ऐसे लोग जो सोचते हैं कि इस बात को उठाकर नेता बन जाएंगे टीवी में आ जाएगा, अखबार में छप जाएगा, तो हम दिखाएंगे कि नेताओं को कि हमें टिकट दे दीजिए हम लड़ सकते हैं और कुछ भी नहीं। ये देखिए मोहल्ले के लोग हैं। पूरे प्रयागराज में जिस तरह से गंगा की विकास की गंगा बह रही है और विकास हो रहा है। यह विरोध किसी का नहीं बल्कि एक समाजवादी पार्टी के नेता का है।'

कांग्रेस नेता बोले- मुख्यमंत्री से प्रेरित हैं मंत्री जी

वहीं कांग्रेस  के स्थानीय नेता अभय अवस्थी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'कैबिनेट मंत्री ने पूरी गली को गेरूआ रंग रंग दिया है। लगता है हमारे कैबिनेट मंत्री अपने मुख्यमंत्री से बहुत प्रेरित हैं। मुख्यमंत्री जी भी गेरुआ या भगवा हैं। माननीय कैबिनेट मंत्री ये संदेश देना चाह रहे हैं कि 2022 के चुनाव में पूरा इलाहाबाद शहर को भगवा कर देंगे। वो खुद मुख्यमंत्री बनने का दावा प्रस्तुत कर रहे हैं। ये कौन सा मजाक है, कि आप हमारे घर को अपने रंग से रंग देंगे। इस तरह की जबरदस्ती सही नहीं। ये जबरन कर रहे हैं।'

एसपी बोले- विवेचना करेंगे

 वहीं प्रयाग राज के एसपी (क्राइम)  ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'दो लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका घर गेरुआ या भगवा रंग से रंग दिया है। इसमें एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें अभियोग पंजीकृत किया है। विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी। '

लोग बोले- हमारे अधिकारों को ना हो हनन

 सपा नेता बताए जा रहे  रवि गुप्ता नाम के एक शख्स ने इस संबंध में शिकायत भी दर्ज कराई है। मीडिया से बात करते हुए रवि गुप्ता ने कहा, 'हमारा सिर्फ इतना कहना कि संविधान में जो हमारा मूल अधिकार है उसका हनन ना किया जाए। हम क्या खाएंगे और क्या पहनेंगे और कैसे चलेंगे ये अगर हम संविधान के तहत काम करें तो ज्यादा अच्छा होगा। हम कुछ नहीं चाहते हैं बस जीना जाए और परेशान ना किया जाए। हमारे ऊपर पहले भी जानलेवा हमला हुआ था जिसमें काफी चोटे आईं थी। हमसे कहा गया कि हमारा सपोर्ट करें। हमने कहा कहा कि देखिए हमारी मानसिकता अगर एक पार्टी की तरफ झुकाव है तो हम नहीं कराएंगे।'

Prayagraj News in Hindi (प्रयागराज समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर