पुणे में अब प्रशासन की निगरानी में वीकेंड आउटिंग, भाटघर बांध पर तैनात रहेंगे विशेष दस्ते

पुणे के भाटघर बांध पर वीरवार को पांच लड़कियों की डूबने से हुई मौत के बाद जिला प्रशासन नींद से जागा है। अब प्रशासन एक विशेष दल का गठन करने जा रहा है, जो यहां वर वीकेंड पर गश्‍त करेगा। इसके अलावा यहां पर प्रशासन द्वारा खतरे के साइनेज बोर्ड और बैरिकेड्स लगाए जाएंगे।

Bhatghar Dam
भाटघर बांध को पुणे प्रशासन बनाएगा सुरक्षित   |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • जिला प्रशासन भाटघर बांध को बनाएगा सुरक्षित
  • बांध पर वीकेंड पर तैनात होगा प्रशासन का विशेष दस्‍ता
  • खतरनाक जगहों पर लगाए जाएंगे साइनेज बोर्ड और बैरिकेड्स

Pune Bhatghar Dam: पुणे के भाटघर बांध पर वीरवार को पांच लड़कियों की डूबने से हुई मौत के बाद अब जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। प्रशासन ने भविष्य में और विशेष रूप से वीकेंड पर इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पुलिस, जिला प्रशासन, स्थानीय ग्रामपंचायत और राजस्व विभाग को मिलाकर एक विशेष दस्ते का गठन किया गया है, जो भाटघाट बांध के बैकवाटर के आसपास स्थित पर्यटन स्थलों पर लगातार गश्त करेगा।

प्रशासन की इस योजना की जानकारी देते हुए भोर के एसडोओ राजेंद्र कचरे ने कहा कि, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी, बचाव दल और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी पांच लड़कियों के शव बरामद कर लिए गए है। प्रशासन की जांच में पता चला है कि वीकेंड पर यहां लोगों की काफी भीड़ रहती है, कई बार शराब के नशे में धुत युवा यहां पर रात के समय आते हैं और पानी में उतर जाते हैं। यह जोखिम भरा है और स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस मुद्दे के बारे में शिकायत की है। अब सख्त एहतियाती कदम उठाने की जरूरत है।

लगाए जाएंगे साइनेज बोर्ड और बैरिकेड्स

बता दें कि, भाटघर बांध पुणे शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर है। गर्मी की छुट्टियों के समय में यहां काफी पर्यटक आते हैं। यहां मौजूद भटघाट बांध, नेकलेस पॉइंट, रोहिदेश्वर किला जैसी कई जगहों पर हर समय पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। ऐसे में इनकी सुरक्षा के लिए अब कई जगह खतरे के साइनेज बोर्ड और बैरिकेड्स लगाए जाएंगे। जिससे लोग खतरनाक जगहों पर जाने से बचें।

सुरक्षा के लिहाज से विशेष दस्ते का होगा गठन

इसके अलावा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, एक विशेष दस्ते का गठन किया जाएगा, जो वीकेंड के समय इन जगहों पर गश्‍त कर लोगों को खतरों से अगाह करेंगे। साथ ही यह टीम ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई करेगी, जो यहां पर आकर शराब का सेवन करते हैं। अधिकारियों के अनुसार यह टीम अगले वीकेंड से कार्य करना शुरू कर देगी।

अगली खबर