Indian Railways Restaurant: रेलवे ने की पुणे जिले के 4 स्टेशनों पर रेस्तरां ऑन व्हील्स खोलने की तैयारी, जानिए खासियत

Pune Railway Division: भारतीय मध्य रेलवे पुणे के चार स्टेशनों पर रेलवे कोच आधारित रेस्टोरेंट खोलने की तैयारी कर रही है। रेलवे के अन्य रेस्तरां ऑन व्हील्स से मिल रहे अच्छे फीडबैक से प्रभावित होकर मध्य रेलवे यह पहल करने जा रहा है। इन चारों स्टेशन पर आमजन के लिए भी रेस्टोरेंट में सभी सुविधाएं मिलेंगी।

Restaurants on Wheels
पुणे जिले में रेलवे चार स्टेशनों पर शुरू करेगा रेस्तरां ऑन व्हील्स (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • रेलवे पुणे के अकुर्दी, बारामती, चिंचवड़ और मिराज स्टेशन पर रेस्तरां खोलने की तैयारी कर रहा है
  • रेलवे के कोच आधारित होगा रेस्टोंरेंट
  • खाने के साथ-साथ देश के विभिन्न तरह के व्यंजन मिलेंगे इन रेस्तरां में

Indian Railways Restaurant: भारतीय मध्य रेलवे को भारतीय उपमहाद्वीप में पहली ट्रेन चलाने का गौरव प्राप्त है। मध्य रेलवे उन रेलवे में से एक है जिसने खानपान नीति के नवीन विचारों के तहत रेस्तरां ऑन व्हील्स रेल थीम वाले रेस्टोरेंट शुरू किए हैं। इस रेस्तरां में उत्तर, दक्षिण और भारत के सभी जगहों के प्रमुख व्यंजन उपलब्ध रहते हैं। रेलवे की योजना है कि पुणे मंडल के अकुर्दी, बारामती, चिंचवाड़ और मिराज स्टेशनों पर इसी तरह के रेस्तरां खोलें जाएं। इसके लिए स्टेशनों के आसपास की जगहों का निरीक्षण किया जा रहा है।

बता दें कि रेस्टोरेंट ऑन व्हील्स थीम राजस्व सृजन का बड़ा माध्यम बनते हैं। इस पहल को यात्री एवं आमजनों में काफी पसंद किया जाता है। रेलवे की योजना मुंबई मंडल के लोकमान्य तिलक टर्मिनस, नेरल, लोनावाला और इगतपुरी स्टेशनों पर भी इस तरह के रेस्टोरेंट खोलने की है। इसकी लिए तैयारी की जा रही है।

मुंबई के सीएसएमटी में शुरू है रेल कोच आधारित रेस्टोरेंट

जानकारी के लिए बता दें कि 18 अक्टूबर 2021 को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल मुंबई में पहला 'रेस्तरां ऑन व्हील्स' खोला गया था। यह प्लेटफॉर्म नंबर 18 के सामने हेरिटेज गली में स्थित रेल कोच आधारित रेस्टोरेंट है। हेरिटेज गली में नैरो गेज लोकोमोटिव, पुराने प्रिंटिंग प्रेस के हिस्से आदि सहित इस रेस्टोरेंट में रेल कलाकृतियाँ हैं। बोगी-वोगी के रूप में नामित यह एक बढ़िया खाने की जगह है। 10 टेबल के साथ कोच के अंदर 40 सीटों के साथ यह चलाया जाता है। रेस्तरां के इंटीरियर को इस तरह से सजाया गया है कि लोग डिनर रेल-थीम वाली व्यवस्था में खाने का आनंद ले सकें। इस रेस्टोरेंट में उद्घाटन से लेकर अब तक लगभग 60,000 आगंतुक आ चुके हैं।

नागपुर में इसी वर्ष शुरू किया गया है रेस्तरां

मिली जानकारी के अनुसार नागपुर रेलवे स्टेशन के बाहर रेल कोच आधारित रेस्तरां 3 फरवरी 2022 को खोला गया था। रेस्तरां कोच को रेलवे कोच का सटीक रूप प्रदान किया गया है। कोच को सजाते समय नागपुर शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर विचार किया गया है। साथ ही कोच के असली रंग और डिजाइन को बनाए रखा गया है। 10 टेबल और 40 सीटों वाले इस रेस्टोरेंट में अब तक लगभग 30000 आगंतुक आ चुके हैं। पुणे के चार स्टेशनों पर भी रेल कोच आधारित रेस्टोरेंट खोलने की रेलवे की तैयारी चल रही है।

अगली खबर