Ranchi Police Success: बिजनेस के नाम पर 1 करोड़ की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ऐसे मिली कामयाबी

Ranchi Crime: रांची में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के गया से 1 करोड़ के ठगी के आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी पर एक साल पहले मामला दर्ज हुआ था। पुलिस को आरोपी की कई महीनों से तलाश थी। आरोपी ने बिजनेस करने के नाम पर कई लोगों को ठगा था।

Ranchi Crime News
रांची में बिजनेस के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • बिहार के गया से गिरफ्तार हुआ आरोपी
  • एक साल पहले दर्ज हुआ था ठगी का मामला
  • आरोपी कोयला कारोबार के नाम पर की थी ठगी

Ranchi News: रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिजनेस के नाम पर राजधानी रांची के दर्जनों लोगों से पैसे की ठगी करके फरार चल रहे एक आरोपी जयदेव चटर्जी को आखिरकार बिहार से गिरफ्तार किया गया है। रांची पुलिस को काफी समय से आरोपी की तलाश थी। जयदेव के खिलाफ रांची के डोरंडा थाना में एफआईआर दर्ज की गयी थी।

बता दें कि, राजधानी में डोरंडा थाना की पुलिस ने 1.03 करोड़ रुपए के ठगी के आरोपी को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम जयदेव चटर्जी है, जो रांची का ही निवासी है। आरोपी के खिलाफ ठगी के शिकार पीके श्रीवास्तव, सुकन्या और मंजुलिका ने डोरंडा थाना में पिछले साल अगस्त महीने में ही प्राथमिकी दर्ज करवाई थी।

ये था पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार जयदेव पर आरोप है कि, उसने पीड़ितों से बिजनेस के नाम पर एक करोड़ तीन लाख रुपए कर्ज के रूप में लिया था। निर्धारित समय बीतने के बाद पीड़ित आरोपी से लगातार पैसा वापस करने के लिए दबाव बना रहे थे। लेकिन आरोपी उन्हें टाल मटोल कर बहाना बना दे रहा था। इसी बीच आरोपी ने पीड़ितों का फोन भी उठाना बंद कर दिया। इसके बाद सभी पीड़ित डोरंडा थाना पहुंचे और जयदेव के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवा दिया। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर जांच करते हुए पुलिस को जयदेव के बारे में यह जानकारी मिली कि, आरोपी गया में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस की एक टीम बिहार के गया पहुंची और आरोपी को दबोच कर रांची लेकर आई।

पुलिस कर रही आरोपी ठग से पूछताछ

बता दें कि, जयदेव चटर्जी ने कोयला कारोबार के नाम पर कई लोगों से पैसे की ठगी की थी। क्योंकि सभी पैसे अकाउंट में ही दिए गए थे इसलिए आरोपी जयदेव के खिलाफ पुलिस के पास पर्याप्त सबूत मौजूद थे। मामले में सत्यापन करने के बाद पुलिस ने जयदेव चटर्जी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले में उससे जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ की जा रही है।

अगली खबर