Rail Station: रांची स्टेशन पर दृष्टिहीनों को नहीं होगी दिक्कत, ब्रेल लिपि में स्टेशन गेट पर लगा मैप

Ranchi Station: राजधानी के स्टेशन पर एक विशेष सुविधा की शुरुआत की जानी है। यह सुविधा दृष्टिहीनों और दिव्यांग यात्रियों के लिए बहाल की जाएगी। इससे इन यात्रियों को स्टेशन परिसर में आवागमन में परेशानी नहीं होगी।

Special facilities for Divyang at Ranchi station
रांची स्टेशन पर दिव्यांगों के लिए खास सुविधाएं  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • दिव्यांग यात्रियों को आसानी से मिलेगी सीढ़ी, शौचालय, कार्यालय, फूड स्टॉल की जानकारी
  • स्टेशन के मुख्य द्वार लगाया गया ब्रेल लिपि में मैप
  • दिव्यांग यात्रियों के लिए ट्रेन में चढ़ने-उतरने के लिए बना अस्थायी रैंप

Indian Railways: रांची रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधा बहाल की गई है। इससे उन्हें स्टेशन से आवागमन में परेशानी नहीं आएगी। स्टेशन के मुख्य दोनों गेट पर ब्रेल लिपि में मैप लगाया गया है। इस मैप में स्टेशन परिसर में उपलब्ध सभी संसाधनों का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा दृष्टिहीन एवं दिव्यांग यात्रियों के ट्रेन पर चढ़ने और उतरने के लिए रैंप बनवाया गया है। इतना ही नहीं प्लेटफॉर्म नंबर एक पर सभी कार्यालय के सामने ब्रेल लिपि में लिखा गया है। 

टिकट केंद्र पर रखा गया बुकलेट
 

दृष्टिहीन यात्रियों के लिए टिकट आरक्षण केंद्र पर एक बुकलेट रखा गया है। इस बुकलेट में ब्रेल लिपि में ट्रेनों के नाम एवं ट्रेन नंबर की जानकारी दी गई है। इस बारे में स्टेशन मैनेजर ध्रुव कुमार ने बताया कि दृष्टिहीनों एवं दिव्यांगों के लिए बहाल की जा रही सुविधाओं का 80 प्रतिशत काम पूरा करा लिया गया है। बचे हुए 20 प्रतिशत काम भी जल्द पूरा करा लिया जाना है। 


व्हील चेयर भी रखी जाएगी

स्टेशन मैनेजर ध्रुव कुमार ने बताया कि स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हील चेयर भी रखी जाएगी। दिव्यांग यात्री इसका लाभ निशुल्क उठा सकेंगे। उधर, रांची एवं हटिया स्टेशन पर यात्रियों की थकान दूर करने के लिए मसाज चेयर लगाई गई है। यात्री 99 रुपए शुल्क अदा कर मसाज चेयर का प्रयोग कर सकते हैं। यह 15 मिनट की सेवा रहेगी। 


ब्रेल लिपि के माध्यम से सुगमता से यात्रा कर सकेंगे यात्री

रांची स्टेशन पर बहाल की जा रहीं सुविधाओं के बारे में रांची रेल डिवीजन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आदित्य चौधरी ने बताया कि रांची रेल डिवीजन में दिव्यांगों एवं दृष्टिहीनों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उनके लिए कई सुविधाएं बहाल कराई जा रही है। दृष्टिहीन यात्रियों के लिए स्टेशन अलग-अलग जगहों पर लगे मैप बोर्ड पर लिखे गए ब्रेल लिपि के जरिए वो सुगमता से अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे। 


 

अगली खबर