देवघर में रोपवे पर केबल कारों की टक्कर, कई घायल, कई फंसे, बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पास हुआ हादसा

झारखंड के देवघर जिले में बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पास त्रिकुट पहाड़ियों पर रोपवे में कई केबल कारों में टक्कर हो गई।  इस हादसे में कई घायल हो गए। दो की हालत गंभीर है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

Cable cars collide in ropeway in Deoghar, many injured, many stuck, accident happened near Baba Baidyanath temple
बैद्यनाथ मंदिर के पास त्रिकुट पहाड़ियों पर रोपवे पर हादसा  |  तस्वीर साभार: ANI

देवघर (झारखंड) : झारखंड के देवघर जिले में बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पास त्रिकुट पहाड़ियों पर रविवार को रोपवे (ropeway) में कुछ केबल कारों के आपस में टकरा जाने से कम से कम 10 पर्यटक घायल हो गए, जिनमें दो गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 50 लोग अभी भी रोपवे में कम से कम 12 केबिनों में फंसे हुए हैं और बचाव अभियान जारी है। 

एक अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई, जिसके परिणामस्वरूप केबल कारों की टक्कर हुई, हालांकि, सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद केबल कार से कूदने की कोशिश में एक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

देवघर के डिप्टी कमिश्नर मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को बचाव अभियान के लिए मौके पर तैनात किया गया है। डीसी और पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र जाट दोनों मौके से बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। 
भजंत्री ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण भी बचाव अभियान में एनडीआरएफ की मदद कर रहे हैं। डीसी ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील करते हुए कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। कुछ लोग अभी भी रोपवे में केबल कारों में फंसे हुए हैं और उन्हें बचाया जा रहा है। सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है।

गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह को सूचित कर एनडीआरएफ की टीमों को तैनात करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि मैं मामले का तुरंत संज्ञान लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री को धन्यवाद देता हूं।

झारखंड टूरिज्म का कहना है कि त्रिकूट रोपवे भारत का सबसे ऊंचा वर्टिकल रोपवे है जिसमें अधिकतम लेंस कोण 44 डिग्री है। बाबा बैद्यनाथ मंदिर से करीब 20 किमी दूर स्थित रोपवे करीब 766 मीटर लंबा है, जबकि पहाड़ी 392 मीटर ऊंची है। रोपवे में 25 केबिन हैं। प्रत्येक केबिन में चार लोग बैठ सकते हैं। घटना के बाद रोपवे प्रबंधक व अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गए।
 

अगली खबर