Rush Free Ranchi: रांची में अब लोगों को नहीं करना पड़ेगा जाम का सामना, दो और सड़कें बनेंगी फोरलेन, होगी सुविधा

Rush Free Ranchi: राजधानी की सड़कों को जाम मुक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। हेमंत सरकार की कैबिनेट ने दो सड़कों को फोरलेन बनाने के प्रस्ताव को मंजूर कर दिया है। इससे लोगों को आवागमन में बेहद सुविधा होगी।

Ranchis two roads will become four lane
रांची की दो सड़कें बनेंगी फोरलेन  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • कचहड़ी मोड़ से कांटा टोली वाया सर्कुलर रोड तक सड़क बनेगी फोरलेन
  • फोरलेन बनाने के लिए 50 करोड़ रुपए की मिली प्रशासनिक स्वीकृति
  • अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक भी सड़क का होगा चौड़ीकरण

Rush Free Ranchi: रांची में हाल के वर्षों में ट्रैफिक का काफी दबाव बढ़ा है। इससे शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। हाल में सभी प्रमुख चौक-चौराहों को बायीं लेन फ्री किया गया। इसके अतिरिक्त सड़कों से अतिक्रमण हटवाकर चौड़ाई बढ़ाई गई। अब राज्य सरकार द्वारा दो सड़कों को फोरलेन में तब्दील कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में शहर की दो सड़कों को फोरलेन बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। 

सरकार ने तय किया है कि कचहरी मोड़ से कांटा टोली वाया सर्कुलर रोड सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। फोरलेन बनाने के लिए सरकार ने 50 करोड़ रुपए मंजूर भी कर दिए हैं। इसके अलावा अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूत कराई जाएगी। इस पर 197 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 

उप चुनाव के चलते हो रहा विलंब

दरअसल, मांडर सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। इस कारण आदर्श आचार संहिता लगी है। ऐसे में कैबिनेट के इस फैसले को भी सार्वजनिक नहीं किया गया। विभाग के सूत्रों का कहना है कि पंचायत चुनाव और अब उप चुनाव के कारण लगी आचार संहिता की वजह से इस प्रोजेक्ट में देरी हो रही है। यह नहीं लगा होता है तो दोनों सड़कों को फोरलेन में तब्दील करने की कार्यवाही काफी आगे बढ़ चुकी होती। अब आदर्श आचार संहिता हटने के बाद ही सड़कों के फोरलेन बनाने के लिए टेंडर निकाला जाएगा। टेंडर फाइनल होने के बाद एजेंसी को काम सौंपा जाएगा। 

दो साल में पूरा करना होगा काम

इन दोनों सड़कों को फोरलेन बनाने के लिए पथ निर्माण विभाग ने दो साल का समय तय किया है। इस अवधि में एजेंसी को सड़क निर्माण पूरा करना होगा। इसके साथ ही तब तक इस रूट के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है। ताकि वाहन चालकों को दिक्कत नहीं हो। बहरहाल, इन दोनों सड़कों के लिए वैकल्पिक मार्ग हैं, जिससे वाहनों का आवागमन जारी है। 

अगली खबर