Ranchi News: अब पर्यटक रांची के बिरसा जू में कर सकेंगे जेब्रा का दीदार, कोलकाता से जेब्रा लाने की तैयारी शुरू

Ranchi News: रांची में मौजूद भगवान बिरसा जू में लोगों को जल्‍द ही जेब्रा का जोड़ा दिखाई देने लगेगा। इस जू में कोलकाता के अलीपूर जू से इस जोड़े को लाया जाएगा। दोनों जू के अधिकारियों के बीच बातचीत तय हो गई है। वहां से एक जोड़ा जेब्रा बिसरा जू लाया जायेगा और इसके बदले एक जोड़ी भालू और पांच सफेद मृग दिए जाएंगे।

Zebra in Birsa Zoo
रांची के बिरसा जू में जल्‍द दिखेगा जेब्रा का जोड़ा   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • अलीपूर जू से बिरसा जू आएगा जेब्रा का यह जोड़ा
  • बदले में दिया जाएगा एक जोड़ी भालू और पांच सफेद मृग
  • केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से सहमति मिलने का इंतजार

Ranchi News: रांची के भगवान बिरसा जू में लोग जल्‍द ही जेब्रा का दीदार कर सकेंगे। इन्‍हें कोलकाता से लाया जाएगा, जिसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। इस जू में जेब्रा के आ जाने के बाद यहां जानवरों की संख्या 87 हो जायेगी। यहां पर अभी लोग 86 विभिन्न तरह के पशु-पक्षियों का दीदार कर सकते हैं। हालांकि ये जेब्रा कब तक यहां आएंगे, इसको लेकर कोई समय सीमा अभी निर्धारित नहीं की गई है। अधिकारियों के अनुसार लोगों को जल्‍द ही बिरसा जू में जेब्रा देखने को मिल जाएगा।

बिरसा जू प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार इन जेब्रा को कोलकाता के अलीपूर जू से लाया जाएगा। दोनों जू के अधिकारियों के बीच बातचीत तय हो गई है। वहां से एक जोड़ा जेब्रा बिसरा जू लाया जायेगा और इसके बदले एक जोड़ी भालू और पांच सफेद मृग दिए जाएंगे। इस समझौता की जानकारी दोनों उद्यान प्रशासन द्वारा केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) को दे दी गई है। अधिकारियों के अनुसार प्राधिकरण की तरफ से निर्देश मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। अधिकारियों ने उम्‍मीद जमाई की इस माह के अंत तक सीजेडए की तरफ से जवाब आ जाएगा।

बिरसा जू बनेगा जेब्रा वाला राज्‍य का दूसरा जू

बताते चलें कि भगवान बिरसा जैविक उद्यान 83 हेक्टेयर में फैला हुआ है। इस जू में बाघ, तेंदुआ, शेर, हाथी, सांभर, नील गाय, कृष्ण मृग, कोटरा, दरियाईघोड़ा, मगरमच्छ, घड़ियाल, सांप घर, बन्दर, लकड़बग्घा, सियार, लोमड़ी, शुतुरमुर्ग जैसे 86 तरह के पशु पक्षी हैं। यहां पर जेब्रा के आने के बाद यह राज्य का दूसरा ऐसा जू बन जाएगा, जहां पर लोग जेब्रा देख सकेंगे। इससे पहले झारखंड में जेब्रा केवल टाटा स्टील जुलॉजिकल पार्क टाटा में है। यहां पर इजराइल के तेल अबीव से 2014 में जेब्रा लाया गया था। बिरसा जू में जेब्रा का इंतजार लंबे समय से हो रहा है। इस जू में जेब्रा का इंक्रोजर 2008 में और आवास 2014 में बनकर तैयार हो गया था। अब जल्‍द ही जेब्रा इसमें दिखाई देने लगेगा।

अगली खबर