Ranchi School Timings : स्‍कूलों में 10 बजे वाला आदेश वापस, अब फिर से इस समय तक ही खुलेंगे स्‍कूल

Ranchi School Timings: बच्चों के स्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए राजधानी के स्कूलों के समय में किया गया बदलाव का निर्णय वापस ले लिया गया है। अब सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूल पूर्व की भांति संचालित होंगे।

School timings will not change in Ranchi
रांची में नहीं बदलेगा स्कूलों का समय (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • शिक्षा सचिव ने सभी जिला शिक्षा अधीक्षकों को आदेश वापस लेने का दिया निर्देश
  • स्कूल सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही होंगे संचालित
  • सुबह 6 बजे से सुबह 10 बजे तक संचालित करने का जारी हुआ था आदेश

Ranchi School Timings: रांची में सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों के संचालन के समय में अब बदलाव नहीं होगा। सभी स्कूल दोपहर 12 बजे तक ही संचालित होंगे। दो मई को यह आदेश जारी किया गया था कि, सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूल सुबह 6 बजे से सुबह 10 बजे तक संचालित होंगे। इस आदेश को अब निरस्त कर दिया गया है। इसका आदेश शिक्षा सचिव राजेश शर्मा ने जारी किया है। इन्होंने जिलों के उपायुक्तों एवं जिला शिक्षा अधीक्षकों को निर्देश जारी किया है।   


शिक्षा सचिव राजेश शर्मा ने कहा है कि, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से 13 अप्रैल को जारी अधिसूचना के तहत स्कूल संचालन का समय अगले आदेश तक बरकरार रहेगा। सभी स्कूल सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित किए जाएंगे। बता दें कि, दो मई को रांची जिला प्रशासन ने यह आदेश जारी किया था कि, सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूल सुबह 6 बजे सुबह 10 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। 


देवघर में भी बदला गया था स्कूलों के संचालन का समय

राजधानी रांची के अलावा देवघर में भी स्कूलों के संचालन के समय में बदलाव कर दिया गया था। यहां भी भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के संचालन का समय सुबह 6 बजे से सुबह 10 बजे तक निर्धारित किया था। अब विभागीय सचिव का आदेश जारी होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने अपने आदेश को वापस ले लिया है। 


अभिभावकों की मांग पर मंत्री ने भी समय में बदलाव की मांग की थी

बता दें, बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए स्कूली बच्चों के अभिभावक सोशल मीडिया पर लगातार स्कूलों के समय में बदलाव की मांग कर रहे थे। सोशल मीडिया पर मुहिम चल रही थी। इसको देखते हुए सूबे के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने भी स्कूलों के संचालन के समय में बदलाव की मांग की थी। इसके बाद रांची, देवघर, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम के प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश भी जारी कर दिया था, मगर अब विभागीय सचिव ने उस आदेश को निरस्त कर दिया है। 

अगली खबर