Ranchi News: रांची में पुलिस ने हत्याकांड का किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, जानिए क्या था मामला

रांची पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में दिल्ली पुलिस ने हत्या के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों शहर की पुलिस को इन आरोपियों की तलाश थी। आरोपियों ने तीस मई को कार सवार व्यक्ति पर रांची में अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी थी।

Ranchi Crime News
प्रतीकात्मक तस्वीर  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • रांची पुलिस को दिल्ली पुलिस का मिला साथ, संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता
  • आरोपियों ने 30 मई को एक व्यक्ति की गोली मारकर की थी हत्या
  • सभी आरोपियों को पुलिस ने दिल्ली के गाजीपुर से किया गिरफ्तार

Ranchi Crime News: दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रांची में हुई एक हत्या के मामले में पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी दिल्ली के गाजीपुर इलाके से हुई है। आरोपियों ने तीस मई सोमवार के दिन रांची में भरत नाम के व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया था। दोनों शहर की पुलिस टीम को आरोपियों की सरगर्मी से तलाश थी।   

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि, आरोपियों की पहचान राहुल कुजूर, डबलू कुजूर, कविश अदमान और मुनव्वर अगाक के रूप में हुई है। उन्होंने रांची में 30 मई को कथित तौर पर एक व्यक्ति भरत की कार में अंधाधुंध गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी थी। यह हत्या बदला लेने के लिए की गई थी।

दोनों शहरों की पुलिस को थी आरोपियों की तलाश

मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल के डीसीपी जसमीत सिंह ने कहा है कि, इंस्पेक्टर शिव कुमार, करमबीर सिंह और एसीपी अत्तर सिंह को आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। यह जानकारी झारखंड के रांची पुलिस की एसआईटी के साथ साझा की गई थी जो पहले से ही इस मामले को देख रही थी। रांची पुलिस टीम 3 जून को दिल्ली पहुंची थी। बाद में प्राप्त एक गुप्त सूचना पर, विशेष सेल और एसआईटी रांची पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था और कई छापे मारे गए थे। दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की गई और सभी चार आरोपियों को आखिरकार रात में गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

ये था पूरा मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने खुलासा किया है कि एक साजिश के तहत, उन्होंने रांची में एक भरत नाम के व्यक्ति की हत्या कर दी, जब वह अपनी कार में बैठा था। भरत ने राहुल पर गोली चला दी थी और इसका बदला लेने के लिए आरोपी ने उसे खत्म करने की योजना बनाई थी। आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए हत्या करने के तुरंत बाद कोलकाता गए थे और उसके बाद 3 जून को दिल्ली आए थे। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को झारखंड में रंगदारी, हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी, साजिश, हमला, चोट, धमकी, हथियार अधिनियम आदि सहित कई आपराधिक मामलों में पहले ही गिरफ्तार किया गया है। चारों आरोपियों को रांची पुलिस अपने साथ ले आई है।

अगली खबर