Ranchi Weather: रांची पर प्रचंड गर्मी का प्रहार, कुछ दिन और नहीं मिलेगी राहत, गर्मी बढ़ा रही लोगों की परेशानी

Ranchi Weather: राजधानी के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। पिछले कुछ दिनों से रांची का तापमान लगातार 40 पार रह रहा है।

Ranchi Weather Update
अभी गर्मी के थमने के आसार नहीं (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • अधिकतम तापमान सामान्य से 5-6 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड हो रहा
  • न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा दर्ज
  • सुबह 6 बजे से तेज धूप निकलने से लोग परेशान

Ranchi Weather: रांची के अधिकतम तापमान में गिरावट नहीं होने से भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अभी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, एक बार फिर 45 डिग्री तापमान के कारण डालटनगंज सबसे गर्म रहा। दरअसल, रांची समेत कई जिलों में सुबह 6 बजे से ही तेज धूप निकल रही है।

धूप इतनी तेज होती है कि लोगों का शरीर जलने लगता है। यही वजह है कि अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टर्स लगातार सलाह दे रहे हैं कि धूप में निकलने से बचें। बढ़ा तापमान हाईब्लड प्रेशर समेत कई बीमारी से ग्रसित लोगों के लिए बड़ा खतरा है। वहीं, मौसम विभाग भी अपने पूर्वानुमान में गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं बता रहा है।  

अधिकतम-न्यूनतम तापमान सामान्य ज्यादा

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रांची में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से अधिक है। अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग ने बताया है कि 20-22 अप्रैल तक रांची समेत कुछ जिलों में हवा की गति सामान्य से ज्यादा रह सकती है। उक्त दिन हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। 

संताल परगना व आसपास के क्षेत्र में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 20 और 21 अप्रैल को सूबे के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। सूबे के संताल परगना एवं इसके आस—पास के क्षेत्र में हल्की या मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसी आशंका है कि वज्रपात भी हो सकता है। वहीं, 22 अप्रैल को सूबे के दक्षिणी, पूर्वी एवं आस—पास के मध्य भागों में बारिश की संभावना बनी है। इसके बाद 24 अप्रैल से सभी इलाके में मौसम साफ रहने के आसार हैं। फिर तापमान में इजाफा हो सकता है।  

जिलावार अधिकतम तापमान
किस जिले में कितना तापमान (डिग्री में)
1. रांची- 40.1 
2. जमशेदपुर- 43.2
3. डालटनगंज- 45.1
4. बोकारो- 42.1
5. चाईबासा- 41.8
6. देवघर- 43.0
7. गोड्डा- 44.8
8. साहिबगंज- 39.2
9. गढ़वा- 41.8
10. गिरिडीह- 41.8
 

अगली खबर