Ranchi News: रांची में फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वालों की खैर नहीं, रांची नगर निगम ने जारी किए दिशा-निर्देश

Ranchi News: रांची में इन दिनों फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के मामले सामने आ रहे है। फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वालों ने सरकार से मिलती जुलती फर्जी वेबसाइट भी बना ली थी। रांची नगर निगम ऐसा करने वालों पर अब सख्ती करेगा।

Ranchi Municipal Corporation
रांची में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वालों पर सख्ती  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • जन्म प्रमाण पत्र के आवेदन की गहनता से जांच करने के निर्देश
  • रांची में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के कई मामले सामने आने पर नगर निगम सख्त
  • नगर निगम ने बैठक कर बनाई योजना

राजधानी रांची में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वालों पर रांची नगर निगम अब सख्ती करेगा। रांची में इस तरह के मामले सामने आने पर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। निगम की सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण कुमारी ने जन्म-मृत्यु शाखा में कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, जन्म प्रमाण पत्र के लिए मिलने वाले आवेदनों की गहनता से जांच की जाए।

रांची नगर निगम की सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण ने कहा कि, मृत्यु से संबंधित प्रमाण पत्र के कार्य सुचारू रूप से हो रहे हैं, लेकिन जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन पत्र प्राप्त करने से लेकर प्रमाण-पत्र बनाकर सौंपने तक की पद्धती में सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने जरूरी निर्देश भी दिए। फर्जी जन्म प्रमाण पत्रों को लेकर कहा कि, गहनता से जांच करें शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

आवेदनकर्ता की शिकायत का शीघ्रता से करें समाधान

सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी ने प्रमाण पत्र में त्रुटियों से संबंधित शिकायत को अलग से पंजी में दर्ज करने का निर्देश दिया। कहा कि, ऐसी शिकायतों को अलग से पंजी में संकलन करते हुए इसका निराकरण करें। आवेदनकर्ताओं की शिकायतों का शीघ्रता और सुचितापूर्ण तरीके से समाधान करें। फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवोदन करने वालों से सख्ती से निपटें।

दलालों ने बना रखी है फर्जी वेबसाइट

वर्तमान में जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का काम केंद्र सरकार की वेबसाइट crsorgi.gov.in से होता है। लेकिन इन दलालों ने इससे मिलती-जुलती वेबसाइट crsgov.com बना ली है। आम आदमी जब अपने फर्जी सर्टिफिकेट को वेरिफाई करने जाता है, तो यह साइट खुल जाती है। इसमें झारखंड सरकार के लोगों से लेकर वह सारी चीजें दिखने लगती हैं, जो असली सर्टिफिकेट में दिखती है। रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि, रांची नगर निगम के नाम से अगर कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान जन्म प्रमाण पत्र जारी करता है तो यह गलत है। इस काम में जो भी लोग शामिल होंगे, उन पर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने आवेदनकर्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि, वह दलालों के चक्कर में न पड़ें।

अगली खबर